शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के जरियाकला गांव के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार की रात मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 29 वर्षीय नन्दन धाकड़ ने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट कर जबरन जहर खिलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
परिजनों के मुताबिक, नन्दन धाकड़ का गांव के शिब्बू रावत से पैसों का विवाद चल रहा था। नन्दन ने शिब्बू के बुआ के लड़के को प्याज बेची थी, जिसकी करीब 60 हजार रुपये की रकम बकाया थी। शिब्बू द्वारा पैसे चुकाने में आनाकानी की जा रही थी। रविवार को नन्दन अपने भानजे दीपक धाकड़ के साथ पोहरी में आयोजित बलराम जयंती शोभायात्रा में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में शिब्बू से पैसों को लेकर बात हो गई।
बताया गया कि इस दौरान शिब्बू रावत ने अपने भतीजे जयप्रकाश, चचेरे भाई गजानंद, केशव, सीता, पिंटू सहित अन्य लोगों को बुला लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले नन्दन की लाठियों से बेरहमी से पिटाई की और फिर जबरन जहर खिला दिया। इतना ही नहीं, जहर की पुड़िया उसकी जेब में डाल दी ताकि घटना आत्महत्या लगे। बाद में आरोपी उसे बाइक से घर छोड़कर भाग गए। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी परिजनों के पास होना बताया जा रहा है।
परिवार ने बताया कि मारपीट और जहर खिलाने की घटना का चश्मदीद गवाह नन्दन का भांजा दीपक है, जो उसके साथ मौजूद था। इसके बाद परिजन गंभीर हालत में नन्दन को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की आगे की जांच बैराड़ थाना पुलिस करेगी।







Be First to Comment