Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में शराब के नशे में बेटे के सामने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, शव के पास ही रात भर सोता रहा / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवराज में शुक्रवार देर रात शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह वारदात उसके 11 वर्षीय बेटे के सामने हुई।

महिला की पहचान 43 वर्षीय केशर बाई आदिवासी के रूप में हुई है। आरोपी पति हरीराम आदिवासी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार हरीराम रोज शराब पीकर घर आता था। इसी बात को लेकर पत्नी से आए दिन विवाद होता था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे भी जब वह शराब पीकर घर लौटा, तो पत्नी ने विरोध किया।

गाली-गलौज के बाद हरीराम ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में केशर बाई की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी हरीराम शव के पास ही बैठा रहा।

फिर देर रात वहीं शव के पास लेटकर सो गया। उसका मासूम बेटा यह सब देखता रहा। लेकिन डर के कारण कुछ बोल नहीं सका।

आज (शनिवार) सुबह जब हरीराम घर से फरार हो गया, तो उसका 11 वर्षीय बेटा सहमते हुए पड़ोसियों के पास पहुंचा। उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद गांव में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही मायापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मौके की जांच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मायापुर थाना प्रभारी नीतू सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी हरीराम आदिवासी को पकड़ लिया। उसे हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!