Press "Enter" to skip to content

कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों में पहुंचकर राहत कार्यों की स्थिति का लिया गया जायजा / Shivpuri News

शिवपुरी: कलेक्टर रवीन्‍द्र कुमार चौधरी ने आज कोलारस विधायक महेन्द्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर के साथ कोलारस एवं बदरवास विकासखंड के बाढ़ एवं अतिवृष्टि प्रभावित ग्राम अनंतपुर, पचावली, संगेश्वर, छोटी गुरवार एवं बांसखेड़ी का भ्रमण कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान एसडीएम कोलारस, सीएमएचओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पंचायत सचिव, पटवारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर जनहानि, फसल और आवास क्षति की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के लिए भोजन एवं राहत सामग्री का समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर आवश्यक दवाएं वितरित करने तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने राजस्व अमले को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित ग्रामों में आरबीसी 6(4) के तहत फसल एवं आवास क्षति का शीघ्र सर्वे किया जाए और मुआवजा संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि समय पर सहायता दी जा सके।
कोलारस विधायक महेन्द्र यादव ने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि शासन द्वारा सभी प्रभावितों को नियमानुसार राहत और सहायता प्रदान की जाएगी।
इसी क्रम में कलेक्टर रवीन्‍द्र कुमार चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर द्वारा बदरवास क्षेत्र के ग्राम रिजोदी में संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने शिविर में ठहरे ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें प्रदत्त सुविधाओं की जानकारी ली। भोजन वितरण की गुणवत्ता की जांच करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में रह रहे सभी व्यक्तियों को सुबह एवं शाम समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, राहत शिविर में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की गई और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी प्रभावितों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं सतत रूप से प्राप्त हों।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!