Press "Enter" to skip to content

गेहूं में रखी दवा से बनी गैस से दो मासूमों की मौत, माता-पिता की हालत गंभीर, पुलिस कर रही जांच / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भटनावर चौकी के मालबर्वे गांव में सोमवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के एक ही परिवार के चार सदस्य जहरीली गैस की चपेट में आ गए, जिसमें दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दंपति की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, मालबर्वे निवासी गिर्राज धाकड़ (30) ने तीन दिन पहले घर के एक कमरे में रखे गेहूं में कीटनाशक दवा रखी थी। आशंका है कि इसी दवा से गैस बनी और जब सोमवार रात जब गिर्राज धाकड़ अपनी पत्नी पूनम (28) और दो बच्चों अधिक (3) व मानवी (5) के साथ उसी कमरे में सोए, तो चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिजनों ने अधिक धाकड़ को रात में जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं मानवी की मौत गांव में ही हो गई। गंभीर हालत में पति-पत्नी को पहले पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।

भटनावर चौकी प्रभारी सीमा धाकड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टि में मामला गेहूं में रखी दवा से बनी जहरीली गैस का प्रतीत होता है। बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!