Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: 58 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के बाद थाने पर शव रखकर चक्काजाम, 12 पर मामला दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी: खनियांधाना के बामौरकला थाना क्षेत्र के ग्राम खिरिया में शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच पुराने जमीनी विवाद को लेकर जमकर लाठियां, फरसे और कुल्हाड़ियां चलीं। इस खूनी संघर्ष में 58 वर्षीय बृगभान सिंह यादव की मौत हो गई, जबकि दोनों ओर से कुल 17 लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मृतक का शव बामोरकला थाने के बाहर रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। भारी हंगामे के बाद पुलिस ने रात करीब 10:30 बजे 12 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज किया।

पहले भी हुआ था विवाद, सुबह दी थी शिकायत – पीड़ित का आरोप –

फरियादी इन्द्रपाल यादव का आरोप है कि सेन पक्ष द्वारा गुरुवार को भी विवाद किया गया था, जिसकी शिकायत शुक्रवार सुबह थाने में आकर की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी वजह से आरोपियों के हौसले बढ़ गए और शाम को उन्होंने घात लगाकर हमला कर दिया।

कुल्हाड़ी से सिर पर वार, मौके पर ही गिरे बृगभान सिंह –

शुक्रवार शाम करीब 4 बजे इन्द्रपाल अपने पिता बृगभान सिंह यादव, सालिगराम यादव और अन्य परिजनों के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे महेश सेन के घर के सामने से निकले, महेश सेन कुल्हाड़ी और नीलम यादव लाठी लेकर आए और हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार सीधे बृगभान सिंह यादव के सिर में लगा, जिससे वे गिर पड़े।

इसके बाद सेन पक्ष के नाहर सिंह यादव, बुंदेल यादव, रावसाहब यादव, संजीव सेन, अनिल सेन (खिरिया), संदीप सेन, रिकेश सेन, राजीव सेन, उस्ताज सेन (नयागांव), रामदयाल सेन और धर्मेन्द्र सेन (कालीपहाड़ी) लाठी, डंडे, फरसा और कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे और यादव पक्ष पर हमला कर दिया। झगड़े में यादव पक्ष के 7 और सेन पक्ष के करीब 10 लोग घायल हुए हैं।

घायलों को खनियाधाना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बृगभान सिंह यादव को मृत घोषित कर दिया। 6 गंभीर घायलों को शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है।

थाने के बाहर शव रखकर चक्काजाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप –

मृतक के परिजन और ग्रामीण शव को थाने के बाहर रखकर बैठ गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस ने सुबह दी गई शिकायत पर ध्यान दिया होता तो यह घटना टाली जा सकती थी। करीब 6 घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।

एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि 12 लोगों के खिलाफ बलवा, हत्या के प्रयास और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेंगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!