शिवपुरी के करैरा में हुई गुरु आशा किन्नर की हत्या का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। किन्नर समाज का आरोप है कि एफआईआर में कुछ आरोपियों के नाम जानबूझकर नहीं लिखे गए हैं। साथ ही मृतक की शिष्या रूबी नायक समेत अन्य किन्नरों को समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
घटना 28 मई की सुबह करीब 5 बजे की है, जब कसिया किन्नर की करैरा स्थित निवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। मृतक की शिष्या रूबी नायक ने बताया कि मोहल्ले के राजू शाह ने फोन कर घटना की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर आशा किन्नर का शव संदिग्ध हालत में मिला और घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी।
रूबी नायक ने आरोप लगाया है कि एफआईआर में सोनू पिता कल्लू साहू निवासी कच्ची गली करैरा, मेघसिंह ढोलक वाला करैरा और तीन अन्य अज्ञात लोगों के नाम जानबूझकर नहीं लिखे गए हैं, जबकि ये सभी घटना में सीधे तौर पर शामिल थे। आरोपी उन पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं और मना करने पर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
चांदनी किन्नर सहित अन्य किन्नर साथियों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच और 70 लाख की लापता राशि का पता लगाने की मांग की है। रूबी नायक ने कलेक्टर और एसपी से आरोपियों के नाम एफआईआर में जोड़ने, चोरी गए जेवर और नकदी की बरामदगी के साथ सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में उनके साथ किसी भी अप्रिय घटना के लिए उक्त आरोपी जिम्मेदार होंगे।







Be First to Comment