Press "Enter" to skip to content

पोहरी में युवक का अपहरण: दो लाख की फिरौती के लिए कार में डालकर ले गए बदमाश, मोबाइल लोकेशन के आधार पर जंगल से युवक बरामद, पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन सफल / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के सोनीपुरा गांव में मंगलवार दोपहर एक चौंकाने वाली अपहरण की वारदात हुई। तीन अज्ञात बदमाशों ने प्लॉट निर्माण का झांसा देकर युवक विनोद जाटव का अपहरण कर लिया। युवक को कार में डालकर अगवा कर लिया गया और उसके परिजनों से दो लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई। युवक के मोबाइल से आए कॉल पर पुलिस सक्रिय हुई और मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर रातभर सर्चिंग के बाद बुधवार सुबह युवक को सुनारी चौकी क्षेत्र के सड़ गांव के जंगल में बने एक खेत से सकुशल बरामद कर लिया गया।

अपहृत युवक विनोद के पिता पीतम जाटव निवासी ग्राम सोनीपुरा ने मंगलवार को पोहरी थाने पहुंचकर बताया कि तीन अज्ञात लोग उसके घर आए और बोले कि उन्हें मकान बनवाना है, विनोद को ठेका देना है। इसी बहाने विनोद का नंबर लेकर उससे फोन पर बात की और घर बुलाया। फिर तीनों में से एक युवक विनोद को कार में बैठाकर ले गया। कुछ समय बाद विनोद के मोबाइल नंबर से फोन आया, जिसमें विनोद ने खुद बताया कि उसे अगवा कर लिया गया है और बदमाश दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। फोन कॉल के दौरान गाली-गलौज और मारपीट की आवाजें भी सुनाई दीं।

थाना प्रभारी रजनी चौहान ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस ने तुरंत युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की और उस स्थान पर रातभर सर्चिंग की। अंततः बुधवार सुबह सढ़ गांव के जंगल के भीतर बने एक खेत से विनोद को बरामद किया गया। वह डरा-सहमा हुआ था और उसके शरीर पर बेरहमी से मारपीट के निशान थे। मेडिकल जांच में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है और एक्स-रे के लिए युवक को फिलहाल जिला अस्पताल में भेजा गया है।

पोहरी पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है। थाना प्रभारी का कहना है कि बदमाशों और युवक के बीच क्या संबंध था, और इस वारदात के पीछे असली मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है।


More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!