Press "Enter" to skip to content

SAF भर्ती में फर्जीवाड़ा: फिजिकल टेस्ट खुद दिया, लिखित परीक्षा में दूसरे को बैठाया, दस्तावेजों के परीक्षण में खुली पोल, दोनों अभ्यर्थियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले की सतनवाड़ा थाना पुलिस ने विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) 18 वीं बटालियन में वर्ष 2023 की भर्ती परीक्षा में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भर्ती हुए दो अभ्यर्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई एसएएफ की 18 वीं बटालियन के अधिकारी की शिकायत पर की है।
जानकारी के मुताबिक वर्ष 2023 में एसएएफ 18 वीं बटालियन में आरक्षक जीडी व रेडियो में भर्ती निकली थी। इस परीक्षा में निर्भय पुत्र सुघर सिंह गुर्जर निवासी डांडा खिरक जखौदा थाना भंवरपुरा तहसील घाटीगांव जिला ग्वालियर व भूपेन्द्र पुत्र रामलखन गुर्जर निवासी रजियावर महाराजपुर थाना डबरा जिला ग्वालियर दोनों शामिल हुए। इन दोनों की जब लिखित परीक्षा का समय आया तो इन्होंने अपने स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति को परीक्षा देने बिठा दिया और फिर जब लिखित परीक्षा में पास हो गए तो फिजिकल देने के लिए खुद चले गए और फिजिकल परीक्षा भी पास कर ली। भर्ती के इन दोनों चरणों के बाद जब दस्तावेजों का परीक्षण शुरू हुआ तो भर्ती कर रहे अधिकारियों ने पाया कि लिखित परीक्षा देते समय फार्म पर किसी दूसरे के फोटो चस्पा थे और जब फिजिकल परीक्षा हुई तो लोग बदल गए। इसके बाद से मामले की पड़ताल की गई तो पता चला कि दोनों अभ्यर्थियों ने भर्ती होने के लिए कूटरचित दस्तावेजों का सहारा लिया और दूसरे लोगों को लिखित परीक्षा में बिठाया। भर्ती कमेटी ने इस मामले में कार्रवाई के लिए बीते रोज सतनवाड़ा थाना पुलिस को पत्र लिखा, जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपी अभ्यर्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी व परीक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


भर्ती होने दो बार आधार कार्ड में कराया संशोधन
पुलिस जवान बनने के लिए इन दोनों आरोपियों ने काफी दिमाग लगाया और न केवल लिखित परीक्षा से पहले आधार कार्ड में फोटो बदलवाया बल्कि जब फिजिकल परीक्षा का समय आया तो फिर से आधार कार्ड में फोटो बदलवाने के लिए बायोमीट्रिक बदलाव का काम किया। जबकि लिखित व फिजिकल परीक्षा के दौरान जो फोटो लगाए गए थे, वह फोटो मेल नहीं खा रहे थे और उसी से पूरा मामला पकड़ में आ गया। इसके बाद जांच कमेटी में अपने स्तर पर अन्य दस्तावेज देखे तों उसमें भी काफी त्रुटि पाई गई।

मामले में 4 अन्य लोगों पर भी होगी कार्रवाई
इस मामले में जजिम्मेदारों का कहना है कि अभी प्राथमिक रूप से इन दोनों पर ही मामला दर्ज किया है। जिन दो लोगों ने परीक्षा दी है उनके साथ दो अन्य लोगों की भी इस मामले में भूमिका संदिग्ध है। आगे विवेचना के दौरान इस मामले में चार लोगों को और आरोपी बनाया जाएगा। कुल मिलाकर इस मामले में आधा दर्जन लोग शामिल थे, जिनमें से दो पर केस दर्ज हो चुका है।

इनका कहना हैं
बटालियन से आए पत्र के आधार पर दो लोगों पर केस दर्ज है। कुछ अन्य लोगों के नाम भी आ रहे हैं। विवेचना के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

सुनील सिंह राजपूत, थाना प्रभारी सिरसौद

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!