शिवपुरी में ड्राइवर ने गाय को बचाने की कोशिश की तो तेज रफ्तार कार पलट गई। पलटने के बाद कार सड़क पर करीब 100 फीट तक घिसटी। ड्राइवर समेत दो लोग कार में फंस गए।
हादसा नेशनल हाईवे-46 पर मंगलवार दोपहर हुआ। कार सवार दोनों लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना हाईवे किनारे बने ढाबे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी राजू साहनी अपने एक साथी के साथ इंदौर से आगरा जा रहे थे। सतनवाड़ा के पास हाईवे पर एक गाय अचानक गाड़ी के सामने आ गई। उसे बचाने के लिए राजू ने स्टीयरिंग मोड़ा तो कार पलट गई। फिर घिसटते हुए सड़क किनारे जा गिरी।
कार पलटने की आवाज सुनकर ढाबे में बैठे लोग बाहर की तरफ भागे। गाड़ी के पास पहुंचकर दोनों सवारों को बाहर निकाला। एंबुलेंस को फोन किया. अस्पताल में इलाज के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई।
सतनवाड़ा थाना प्रभारी सुनील राजपूत के अनुसार, घायलों ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। दोनों व्यक्ति मड़ीखेड़ा डेम की नल-जल योजना का काम देखते हैं।





