शिवपुरी: पिछोर अनुविभाग के खनियांधाना नगर में आज एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला जब राधा कृष्ण मंदिर के निर्माण हेतु भूमि पूजन विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी उपस्थित रहे। भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बनाओ संघर्ष समिति के प्रमुख पंजाब सिंह यादव शामिल हुए। उन्होंने मंदिर निर्माण हेतु ₹11 लाख की राशि का दान देकर धार्मिक आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। इसके साथ ही पंजाब सिंह यादव ने नगरवासियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक एंबुलेंस भी दान में दी, जो आपात स्थिति में लोगों के लिए जीवन रक्षक साबित होगी। उनके इस योगदान ने न सिर्फ धार्मिक क्षेत्र में, बल्कि सामाजिक और मानवीय सेवा के क्षेत्र में भी एक मिसाल कायम की है। इस अवसर पर पंजाब सिंह यादव ने कहा, “धर्म और संस्कृति हमारे समाज की आत्मा हैं। राधा कृष्ण मंदिर का निर्माण केवल ईंट-पत्थरों की बात नहीं, बल्कि भावनाओं, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।”
समिति के अन्य सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने पंजाब सिंह यादव के इस योगदान की सराहना की और आशा जताई कि मंदिर नगर के लिए आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, प्रसादी वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

Be First to Comment