शिवपुरी में शुक्रवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से दो किसानों की 25 बीघा गेंहूं की फसल जलकर राख हो गई। जिससे किसानों को लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है।
जानकारी के अनुसार घटना जिले के केलधार गांव में रघुवीर सिंह सरदार और भैयालाल धाकड़ के खेतों में हुई। जहां बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट से खेत में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे रघुवीर सिंह की 15 बीघा और भैयालाल की 10 बीघा गेहूं की तैयार फसल जल गई।
ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में दोनों किसानों को लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसानों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव के पास से गुजरने वाली बिजली लाइन काफी समय से जर्जर हालत में है। ग्रामीण इसकी मरम्मत के लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसानों ने मुआवजे की मांग की है।






