शिवपुरी: सोमवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। हवाई पट्टी रोड स्थित ईदगाह में सैकड़ों लोगों ने एक साथ नमाज अदा की। रविवार शाम 6:30 से 7:00 बजे के बीच ईद का चांद नजर आने के बाद त्योहार की तैयारियां शुरू हो गई थीं।
शहर काजी बालुद्दीन ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि ईद प्रेम, शांति और भाईचारे का त्योहार है। उन्होंने शहर में अमन-चैन की दुआ की और सद्भावना बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। हिंदू धर्मगुरु पंडित अरुण शर्मा ने ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज को बधाई दी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय चौहान, भाजपा मीडिया प्रभारी विकास दंडोतिया, राहुल रामजी व्यास समेत कई राजनीतिक दलों के नेता भी मौजूद रहे। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मन्नालाल कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शुभकामनाएं दीं।
प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा बल तैनात किए। मुस्लिम समाज ने 30 दिन के रोजे और तरावीह की नमाज के बाद ईद का त्योहार मनाया। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर मुबारकबाद दी। पूरे शहर में खुशी का माहौल रहा।

Be First to Comment