शिवपुरी: जिले की करैरा पुलिस ने 10 साल से फरार आईटीबीपी के जवान धर्मेंद्र लोधी को गिरफ्तार किया है। 2015 में धर्मेंद्र ने बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा में अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को बैठाया था। शासकीय महाविद्यालय करैरा में परीक्षा के दौरान प्रभुदयाल लोधी नाम का फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। तत्कालीन प्राचार्य डॉ. एल.एस. बंसल ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी।
जांच में पता चला कि धर्मेंद्र ने प्रभुदयाल को अपनी जगह परीक्षा देने के लिए नियुक्त किया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया। इसी वर्ष धर्मेंद्र आईटीबीपी में भर्ती हो गया और वर्तमान में नोएडा बटालियन में तैनात था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी होली की छुट्टी पर अपने गांव मामोनी खुर्द आया हुआ है। करैरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Be First to Comment