शिवपुरी: जिले की पिछोर पुलिस ने एक हत्या का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी सुनील लोधी को गिरफ्तार कर लिया है, हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
19 फरवरी को जिले के ग्राम सालौरा मजरा मोहनगढ़ निवासी पिंकी उर्फ प्रहलाद लोधी (24) रात को खेत पर सोने गया था। अगली सुबह जब वह घर नहीं लौटा, तो उसकी बहन साधना खेत पर गई। वहां उसने देखा कि पिंकी की गर्दन कटी हुई है और वह मृत पड़ा है।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी सुनील लोधी (32) प्रहलाद के परिवार के साथ करीबी संबंध रखता था। वह उनके घर भोजन करता था और खेती में मदद भी करता था। 17 फरवरी को रात में वह मृतक के घर गया था। वहां कमल सिंह की बेटी के कमरे की कुंडी बजाने पर शोर मच गया। घरवालों को आता देख वह छत से कूदकर भाग गया।
19 फरवरी को रात 8:30 बजे पिंकी ने खेत पर सुनील को देखा। उसने सुनील से पूछा कि वह उनके घर क्यों गया था। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। गुस्से में आकर सुनील ने कुल्हाड़ी से पिंकी की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने कुल्हाड़ी को मनोज लोधी के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।







Be First to Comment