शिवपुरी के एक निजी हॉस्पिटल में सोमवार को एक महिला ने अपने बच्चों के साथ पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिला ने हॉस्पिटल संचालक पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया। साथ ही नर्स पर मारपीट के आरोप लगाए। हंगामा के बाद महिला पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। जहां महिला ने कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शहर के बछौरा क्षेत्र की रहने वाली रानी शिवहरे ने बताया कि उसका पति मुकेश शिवहरे शराब का आदि है। इसके चलते उसके ससुर ने 4 बीघा जमीन पति के नाम ना कराते हुए बच्चों के नाम करा दिए। इस जमीन पर हॉस्पिटल संचालक राजेन्द्र शर्मा की नजर थी।
32 लाख की जमीन 2 लाख में लेने की कोशिश
महिला ने आगे बताया कि राजेंद्र ने मेरे पति मुकेश शिवहरे से मुलाकात की और मेरे 10 साल के बेटे की एक बीघे जमीन के हिस्से का एग्रीमेंट अपने नाम करा लिया। इस एग्रीमेंट में मेरे बेटे की सहमति नहीं ली गई। नाबालिग बेटे के नाम जमीन को फर्जी तरीके से हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। रानी का कहना हैं जिस जमीन का एग्रीमेंट किया गया उसकी कीमत 32 लाख रूपए के लगभग हैं। इसके बदले में उसके पति को दो लाख रूपए दिए जाने की बात सामने आई है। इसकी शिकायत उसने पुलिस में भी दर्ज कराई हैं।





