,

एक ही गांव की गर्ल्स स्टूडेंट्स से ठगी की कोशिश:’आपकी सरकारी नौकरी लगी है’ कहकर आधार नंबर और रुपए मांगे / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद गांव में स्कूल में पढ़ने वाली कई छात्राओं के मोबाइल नंबर पर अज्ञात ठग के द्वारा फोन पर सरकारी नौकरी लगने की बात कही जा रही है। साथ ही उनसे पैसों की मांग भी जा रही है। यह घटना एक ही गांव में कई छात्राओं के साथ घटी है। छात्राओं ने सोमवार रात परिजनों के साथ अमोला थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि सभी छात्राओं के पास एक मोबाइल नंबर से फोन किए गए थे।

सिरसौद गांव की रहने वाली मुस्कान के मुताबिक उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा कहा गया कि सरकारी नौकरी के लिए आपका नंबर चुना गया है। आधार कार्ड नंबर पूछने पर उसने अपना आधार नंबर भी बता दिया था। बाद में उससे 1340 रुपए ऑनलाइन भेजने की बात कही थी। लेकिन उसने पैसे नहीं भेजे।

बता दें कि सिरसौद गांव में सरकारी नौकरी लगाने के नाम, आधार नंबर सहित पैसों की मांग के लिए उसी अज्ञात नंबर से वैष्णवी, जानकी के साथ कई छात्राओं के पास फोन आ चुके हैं। इसकी शिकायत छात्राओं ने परिजनों के साथ पहुंचकर अमोला थाने में दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा नौकरी लगने के नाम पैसों की मांग की जा रही है। लेकिन ठगों के पास एक ही गांव की कई छात्राओं के नंबर कैसे पहुंचे इसकी शिकायत भी की गई है।