Press "Enter" to skip to content

भाजपा नेता की लाइनमैन को धमकी: बिजली कटी तो गाड़ी से बांधकर अधिकारी के पास ले चलूंगा / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले भर के ग्रामीण अंचल में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों की एक शिकायत पर भारतीय जनता पार्टी शिवपुरी के महामंत्री पर पहुंची तो वे आक्रोशित हो गए। उन्होंने बिजली विभाग के लाइनमैन को फोन पर जमकर खरी खोटी सुनाई। इसका ऑडियो वायरल हो रहा है, जो 23 जुलाई का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक पोहरी अनुविभाग के छर्च क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार पूरी-पूरी रात बिजली कटौती हो रही है। इस पर लोगों ने छर्च फीडर पर पहुंचकर समस्या के समाधान का प्रयास किया लेकिन जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों ने भाजपा जिला महामंत्री प्रथ्वीराज जादौन को फोन लगाना शुरू कर दिए।

इसी क्रम में 23 जुलाई को उन्होंने छर्च के लाइन मैन ओझा को फोन लगाकर कहा कि बिजली, पानी सड़क जनता का अधिकार है और यह जनता को चाहिए, इसलिए जनता को दिन में भले ही बिजली नहीं दो, लेकिन रात को तो बिजली देना पड़ेगी। इस पर लाइन मैन ने पृथ्वीराज जादौन से कहा कि रात को अगर 33 केव्ही कट जाएगी तो मैं सप्लाई कैसे दूंगा। इसके बाद भाजपा नेता पृथ्वीराज जादौन ने लाइनमैन से कहा कि अगर रात को लाइट नहीं दे सकते तो फीडर से भागकर पोहरी आ जाओ। अगर कल लाइट कटी तो वहां से भाग जाना, नहीं तो मैं खुद आकर तुझे मारूंगा और गाड़ी से बांधकर तेरे अधिकारी के पास ले चलूंगा। वहीं पर 33 केवी का करंट लगाऊंगा।

इस मामले में भाजपा जिला महामंत्री पृथ्वीराज जादौन कहना है कि जनता कई दिन से परेशान है, मैं लाइनमैन को पहले भी समझा चुका था, लेकिन वह रोजाना रात को लाइट काट रहा था, लोग हमें फोन कर रहे हैं, क्योंकि हमने न सिर्फ विधानसभा में वोट मांगे हैं बल्कि लोकसभा में भी मांगे हैं। जनता हमसे उम्मीद लगाती है इसलिए हमें जनता के हित की बात तो करना पड़ेगी और मैंने वही किया है। अगर इस पर कुछ होता है तो उसे भी झेलेंगे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!