शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के ग्राम सोन्हर में आवारा मवेशी पकड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर एक पक्ष ने लाठी-सरियों से हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर 11 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामकिशन जाटव (50) पुत्र लक्ष्मीराम जाटव, निवासी ग्राम सोन्हर, थाना अमोला ने बताया कि 13 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे गांव में घूम रही आवारा गायों और बैलों को भगाकर सोन्हर मजरा भड़ैयापुरा की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने एक बैल को पकड़ने का प्रयास किया, जिस पर पवन ठाकुर और रिंकू ठाकुर कथित रूप से भड़क गए। शिकायत के अनुसार दोनों ने जातिसूचक गालियां देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर पवन ठाकुर ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे रामकिशन के दोनों पैरों की पिंडली और दाहिने हाथ की हथेली में चोट आई।
फरियादी का कहना है कि उसे बचाने आए उसके भतीजे रायभान जाटव पर भी रिंकू ठाकुर ने लाठी से हमला किया, जिससे उसके सिर और बाएं हाथ की उंगलियों में चोट आई और खून निकलने लगा।
शिकायत में बताया गया है कि शोर सुनकर सुरेंद्र जाटव, भोला जाटव, अमित जाटव, प्रमोद जाटव, मोनू जाटव, भोला पुत्र चंदन, पूजा जाटव, राजकुमारी जाटव और सुमन जाटव बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि तभी प्रशांत ठाकुर, पुष्पेंद्र ठाकुर, राजबहादुर ठाकुर और मोहन ठाकुर भी मौके पर आ गए और सभी ने मिलकर लाठी-सरियों से मारपीट की।
हमले में सुरेंद्र जाटव के दोनों हाथ, दाहिने पैर और दाहिने कान में चोटें आईं। पूजा जाटव के सिर में चोट लगने से खून निकल आया। राजकुमारी जाटव के सिर, दाहिने हाथ और पैर में चोटें आईं, जबकि सुमन जाटव के दोनों हाथ और सिर, अमित जाटव की पीठ, दोनों हाथ और दाहिने पैर तथा भोला जाटव के बाएं गाल पर चोट आने का उल्लेख एफआईआर में किया गया है।
घटना के दौरान मनीराम जाटव और लखन जाटव ने बीच-बचाव किया। फरियादी का आरोप है कि जाते समय आरोपी धमकी देकर गए कि यदि भविष्य में कोई जानवर पकड़ा तो जान से खत्म कर देंगे।
घटना के बाद सभी घायलों ने अमोला थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है






Be First to Comment