मंडला/कटनी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले कटनी के बरही में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जातिवादी और परिवारवादी पार्टियां पीएम मोदी को हराने के लिए इकट्ठे हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आधार पर राज किया। मोदी ने देश से जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार को समाप्त कर दिया।
शाह ने विपक्षी दलों के घोटाले गिनाए। उन्होंने कहा कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, जिसने भी चोरी की है, उन्हें जेल जाना पड़ेगा।
इससे पहले केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंडला में कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गरीबों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है। उनको खाना पकाने के लिए गैस सिलेंडर और रहने के लिए आवास दिए हैं।’
शाह ने गुरुवार को भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम देश की अर्थव्यवस्था को दुनियाभर में 5वें नंबर पर लाए हैं। मोदीजी को तीसरी बार पीएम बना दो, इसे तीसरे नंबर पर पहुंचा देंगे।
उन्होंने विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया पर कहा, ‘घमंडिया गठबंधन के नेता चाहते हैं कि उनके बेटा और बेटी ही आगे बढ़ें।’ इससे पहले शाह करीब एक बजे जबलपुर पहुंचे थे। यहां उनका स्वागत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया।

अमित शाह ने कटनी के बरही में चुनावी सभा को संबोधित किया।
शाह की सभा की 5 बड़ी बातें
- 10 साल देश में कांग्रेस का शासन था। पाकिस्तान से आलिया, मालिया, जमालिया घुस जाते थे, बम धमाके करते थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह उफ तक नहीं करते थे।
- मैं पूछना चाहता हूं राहुल बाबा से… आपने देश के राष्ट्रपति पद पर किसी आदिवासी को बिठाया क्या? कांग्रेस पार्टी ने हमेशा आदिवासियों को छलने का काम किया है।
- राम मंदिर बनना चाहिए था कि नहीं? 55 साल कांग्रेस पार्टी इसे लटकाती, अटकाती और भटकाती रही। पांच साल में केस जीते, भूमिपूजन भी हो गया ओर प्राण प्रतिष्ठा भी हो गई।
- घमंडिया गठबंधन वाले चाहते हैं कि उनके बेटे-बेटी आगे बढ़ें। ममता बनर्जी भतीजे को, शरद पवार बेटी को, स्टालिन बेटे को, सोनिया जी बेटे को आगे बढ़ाना चाहती हैं।
- हमने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड से आपके इलाके का विकास किया। घमंडिया गठबंधन डाइनेस्टी मैनेजमेंट फंड में लगा है।
अगर घमंडिया गठबंधन जीतता है तो OBC का नुकसान होगा
अगर घमंडिया गठबंधन जीतता है तो सबसे बड़ा नुकसान ओबीसी का होने वाला है। कांग्रेस ओबीसी विरोधी पार्टी है। काका साहब कालेलकर कमिशन की रिपोर्ट हो या मंडल कमिशन का, दोनों को दबाकर रखा।

शाह ने कहा- मोदी सरकार में 27 मिनिस्टर ओबीसी है, 37 प्रतिशत सांसद ओबीसी हैं, मोदी ने ओबीसी आयोग का गठन किया और साथ-साथ केंद्र की सभी शैक्षणिक संस्था में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम किया।
जिसने भी चोरी की है, उसे जेल जाना पड़ेगा
विपक्षी अब जेल में जा रहे हैं। छातियां पीट रहे हैं। हमें ये कर दिया, हमें वो कर दिया। मोदी जी ने 2014 के चुनाव में आने से पहले देश की जनता से वादा किया था कि एक एक भ्रष्टाचारी को चुन-चुनकर जेल भेजेंगे। भ्रष्टाचारियों को जेल में डालना चाहिए या नहीं ? जिसने भी चोरी की है, उसे जेल जाना पड़ेगा।
शाह बोले- इंडी एलायंस भ्रष्टाचारियों का जमघट
शाह ने कहा- घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचारियों का जमघट हैं। 10 साल तक सोनिया-मनमोहन ने सरकार चलाई। इस दौरान 12 लाख करोड़ का घपला किया। यहां कमलनाथ और बंटाढार ने भी कुछ बाकी नहीं रखा। मैं उनका कच्छा चिट्ठा लाया हूं।
कोल ब्लॉक का घोटाला किसने किया। कॉमन वेल्थ का घोटाला किसने किया, टूजी घोटाल किसने किया, शारदा चिटफंड किसने किया, सेबों की बिक्री का घोटाल किसने किया, आईएनएस का मीडिया घोटाल किसने किया? शाह ने कई घोटाले गिनाए।











Be First to Comment