जयपुर

हेलिपैड से बालाजी धाम के लिए निकलता राष्ट्रपति का काफिला।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू सुबह 10.15 बजे के करीब दौसा में मेहंदीपुर बालाजी परिसर में मीन मंदिर के पीछे बने हेलिपैड पर उतरीं। बुधवार सुबह 9.30 बजे के करीब वे दौसा में मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन के लिए रवाना हुईं थीं। उनका काफिला मंदिर की ओर निकला। सुबह 10.30 बजे उन्होंने बालाजी के दर्शन किए।
यहां से 11.15 बजे वापस रवाना होंगी। दोपहर 12 बजे जयपुर एयरपोर्ट से उदयपुर के लिए रवाना होंगी। मेहंदीपुर बालाजी के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे बांसवाड़ा के बेणेश्वर धाम जाएंगी। राष्ट्रपति ने मंगलवार को जयपुर राजभवन में रात्रि विश्राम किया।
राष्ट्रपति उदयपुर से दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर के जरिए बेणेश्वर धाम पहुंचेंगी। राष्ट्रपति बेणेश्वर धाम में राजीविका की ओर से लखपति दीदी योजना के तहत महिला सम्मेलन में भाग लेंगी। उनका बेणेश्वर धाम पर मंदिर दर्शन का भी कार्यक्रम है। बेणेश्वर धाम में राष्ट्रपति लखपति दीदी सम्मेलन को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति का शाम 5 बजे दिल्ली जाने का कार्यक्रम है।
सीएम भजनलाल ने की अगवानी
इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रपति जयपुर पहुंचीं, एयरपोर्ट पर सीएम भजनलाल शर्मा ने उनकी अगवानी की। जयपुर एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधे राजभवन पहुंचीं, जहां उन्होंने राज्यपाल कलराज मिश्र की कुशलक्षेम पूछी। मिश्र का हाल ही ऑपरेशन हुआ है, वे अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आराम कर रहे हैं।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए राजधानी जयपुर से लेकर मेहंदीपुर बालाजी और बेणेश्वर धाम में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है।

दौसा के मेहंदीपुर बालाजी धाम को इस तरह सजाया गया है।
स्वागत के लिए सजा बालाजी धाम
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पहली बार उत्तर भारत के बड़े धर्मस्थलों में प्रसिद्ध मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने पहुंचीं। वे देश की पहली राष्ट्रपति हैं जिन्होंने बालाजी के दर्शन किए। इनसे पहले तत्कालीन उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत भी बालाजी के दर्शन करने आ चुके हैं। ऐसे में राष्ट्रपति के यात्रा कार्यक्रम को लेकर बालाजी मंदिर में विशेष बंदोबस्त किए गए।
राष्ट्रपति के लिए मीन भगवान मंदिर के पीछे बने हेलिपैड पर सेना के हेलिकॉप्टर ने लैंड किया। जहां अगवानी के बाद वे 10:30 बजे मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचीं और दर्शन किए। मंदिर में पूजा-अर्चना व स्वागत कार्यक्रम के बाद 11:15 बजे वापस जयपुर के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर ट्रस्ट द्वारा मंदिर के गर्भगृह को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। मंदिर के बाहर रेड कॉरपेट बिछाई गई है तो वहीं मंदिर परिसर में राष्ट्रपति के स्वागत में लाल फूलों से बना वेलकम लिखा हुआ डेकोरेशन भी कराया है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर हथियारबंद जवान कस्बे में गश्त कर रहे हैं।

राष्ट्रपति के स्वागत में बिछाया रेड कार्पेट।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैद हैं। इसे लेकर बालाजी क्षेत्र में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के 1200 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। बालाजी कस्बे से जुड़े सभी रास्तों को सील कर पुलिस तैनात की गई है। मुख्य बाजार व गलियों के मुहाने जवानों की तैनातगी के साथ होटल, गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं की छतों से भी सख्त निगरानी रखी जा रही है। साथ ही चिकित्सकों की टीम भी तैनात की गई हैं।

दौसा में चप्पे चप्पे पर सुरक्षा मुस्तैद है।
2 सप्ताह से चल रही थी तैयारियां
मेहंदीपुर बालाजी धाम में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पिछले दो सप्ताह से दौसा व गंगापुर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा था। इसके लिए मीन भगवान मंदिर के पीछे चार हेलिपैड बनाए गए हैं। जिनमें 3 हेलिपैड राष्ट्रपति के विजिट के लिए, जबकि एक अन्य हेलीपैड मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए बनाया गया है।





Be First to Comment