Press "Enter" to skip to content

लगभग राज्यसभा चुनाव निर्विरोध होना तय BJP के डॉ. मुरुगन, माया, बंशीलाल, उमेश नाथ और आज भरेंगे पर्चा काँग्रेस के अशोक /#मध्यप्रदेश  

भोपाल

पांच राज्यसभा सीटों में से भाजपा ने चार और कांग्रेस ने एक उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में चुनाव निर्विरोध हो सकते हैं।

मध्यप्रदेश में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा ने राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में डॉ. एल. मुरुगन, बंशीलाल गुर्जर, उमेश नाथ महाराज और माया नारोलिया को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने मप्र कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। विधानसभा सदस्यों की संख्या के हिसाब से भाजपा ने चार और कांग्रेस ने एक उम्मीदवार घोषित किया है। ऐसे में चुनाव निर्विरोध होना लगभग तय है।

भाजपा के चारों राज्यसभा उम्मीदवार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित पार्टी के सीनियर नेताओं की मौजूदगी में गुरुवार सुबह 11 बजे अपना नामांकन फॉर्म जमा करेंगे।

वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार अशोक सिंह दोपहर 12 बजे नामांकन भरेंगे। उनके साथ मप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे विधानसभा में मौजूद रहेंगे।

संजय गुप्ता के समक्ष जमा होंगे नामांकन

राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है। विधानसभा के प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह के बजाय इस बार आईएएस अधिकारी और श्रम आयुक्त संजय गुप्ता राज्यसभा चुनाव कराएंगे।

निर्वाचन आयोग ने गुप्ता को रिटर्निंग ऑफिसर बनाया है। एपी सिंह 31 मार्च 2023 को सेवानिवृत्त हो गए थे। उन्हें एक साल का एक्सटेंशन मिला है जिसकी अवधि 31 मार्च 2024 को पूरी हो रही है।

कांग्रेस विधायक दल के उप नेता हेमंत कटारे ने स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव के लिए सेवावृद्धि प्राप्त अधिकारी के स्थान पर किसी अन्य अधिकारी को रिटर्निंग आफिसर बनाने का अनुरोध निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर किया था। इसके बाद आयोग ने यह व्यवस्था तय की है।

2 अप्रैल को रिक्त हो रही हैं पांच सीटें

राज्यसभा के पांच सीट दो अप्रैल को रिक्त हो रही हैं, जिसके लिए 27 फरवरी को चुनाव कराया जाना है। नामांकन दाखिल होने के बाद 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 20 फरवरी दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। जरूरत होने पर 27 फरवरी को सुबह 9 से 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। शाम पांच बजे से मतगणना होगी और फिर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। दलीय स्थिति के अनुसार चार भाजपा तो कांग्रेस को एक सीट मिलना तय है

समिति कक्ष में जमा होंगे नामांकन फॉर्म

नामांकन पत्र विधानसभा स्थित समिति कक्ष में लिए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर यहीं मतदान भी कराया जाएगा। 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सदस्य भाजपा के हैं। इसके अनुसार पार्टी चार सदस्य प्रथम प्राथमिकता में सीधे निर्वाचित हो जाएंगे। यही स्थिति कांग्रेस की है। पार्टी के विधानसभा में 66 सदस्य हैं यानी एक सदस्य आसानी से जिताया जा सकता है, इसलिए मतदान की स्थिति नहीं बनेगी।

More from BhopalMore posts in Bhopal »
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!