जयपुर

महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने सोमवार को भाजपा जॉइन कर ली और विधायकी से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, अब तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है।
राजस्थान विधानसभा भवन को लेकर पिछले 23 साल से फैलाया जा रहा अपशकुन फिर सामने आ गया। विधानसभा चुनाव के बीच ही करणपुर प्रत्याशी की मौत हो गई। इस कारण एक साथ 200 विधायक चुन कर नहीं आ सके। फिर उप चुनाव हुए तो एक माह बाद ही फिर विधानसभा के सदस्यों की संख्या 199 के फेर में फंस गई।
सोमवार को बागीदौरा से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के बीजेपी जॉइन करने व विधायकी से इस्तीफे के बाद फिर से अपशकुन बन गया। अब सदस्य फिर 199 रह गए हैं। राजस्थान में पहले दो बार की तरह इस बार भी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव नहीं हो पाया।
2023 के अंतिम दिनों में गंगानगर की करणपुर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर की मौत हो गई थी। इस कारण करणपुर विधानसभा का बाकी 199 के साथ मतदान ही नहीं हुआ। रिजल्ट जारी होने के बाद वहां उप चुनाव के बाद विधायक संख्या पिछले माह 200 पहुंची थी।
पूर्व विधायक ने किया था दावा- शापित है विधानसभा भवन
पिछले साल विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा के निधन के बाद पूर्व विधायक हबीबुर्रहमान ने सदन में दावा किया था कि राजस्थान विधानसभा का नया भवन ‘शापित’ है। उनका दावा है कि जब तक विधानसभा में शांति पाठ नहीं होगा और जिन किसानों की भूमि पर यह भवन बना है, जब तक उन्हें मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक एक साथ 200 विधायकों की संख्या पूरी नहीं होगी।
2013 और 2018 में भी हुई थी एक-एक प्रत्याशी की मौत
साल 2013 में राजस्थान में चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी थी और सभी पार्टियों के प्रत्याशी तय भी हो चुके थे। तभी राज्य की चूरू विधानसभा सीट से बसपा के उम्मीदवार जेपी मेघवाल की अचानक मौत हो गई थी। वहां मतदान नहीं हुआ था। फिर ऐसा ही 2018 में भी हुआ। अलवर की रामगढ़ सीट से बसपा के प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह की मृत्यु हो जाने पर फिर 199 सीटों पर ही मतदान हुआ था।
गहलोत सरकार की 15वीं विस में सर्वाधिक 7 मौतें
- 2023 – करणपुर से कांग्रेस विधायक गुरमीत कुन्नर का निधन
- 2022 – कांग्रेस नेता और विधायक भंवरलाल शर्मा का निधन
- 2021 – वल्लभनगर कांग्रेस विधायक गजेंद्र शक्तावत का निधन
- 2021 – धरियावद से भाजपा विधायक गौतम मीणा का निधन
- 2020 – सुजानगढ़ से कांग्रेस विधायक मास्टर भंवरलाल का निधन
- 2020 – राजसमंद से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी का निधन
- 2020 – सहाड़ा से कांग्रेस विधायक कैलाश त्रिवेदी का निधन
- वसुंधरा सरकार में 14वीं विस में हुई थी 4 मौतें, 2 को जेल
- 2018 – रामगढ़ से बसपा प्रत्याशी का वोटिंग से पहले हुआ निधन
- 2018 – मुंडावर से भाजपा विधायक धर्मपाल चौधरी का निधन
- 2018 – नाथद्वारा से भाजपा विधायक कल्याण सिंह का निधन
- 2013 – दूदू से कांग्रेस विधायक बाबूलाल नागर को जेल की सजा
- 2017 – धौलपुर से बसपा विधायक बीएल कुशवाह को जेल
- 2017 – मांडलगढ़ से भाजपा विधायक कीर्ति कुमारी का निधन।





Be First to Comment