अजमेर

अजमेर में भाजपा की लोकसभा चुनाव को लेकर हो रही बैठक से अजमेर दक्षिण विधायक व पूर्व मंत्री अनिता भदेल नाराज होकर निकल आईं। इस दौरान डिप्टी सीएम और भाजपा नेताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वो नहीं मानी। वह यह कहते हुए वहां से निकल गईं कि अब संगठन से बात करूंगी। भाजपा कार्यालय में मंगलवार को अजमेर लोकसभा क्षेत्र की तैयारियों को लेकर दोपहर 2 बजे बैठक हुई। इसमें प्रभारी दीया कुमारी भी मौजूद थीं।

जिला उपाध्यक्ष को देख बिफरीं
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक में 4 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बुलाया गया था। सभी अपना परिचय दे रहे थे। तभी जिला उपाध्यक्ष घीसू गढ़वाल को देखकर अनिता भदेल गुस्सा हो गईं। विधायक ने मंच पर बैठे प्रभारी भिरम सिंह से कहा कि जब उत्तर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी से बगावत करने वालों पर कार्रवाई हो गई तो फिर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बगावत करने वालों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? अगर हराने वाले ही बैठक में मौजूद रहेंगे तो मेरा क्या काम है.. यह कहते हुए पूर्व मंत्री भदेल डिप्टी सीएम के कान में कुछ कहते हुए सभा कक्ष से बाहर आ गईं। पीछे से उन्हें रोकने के लिए भाजपा नेता शत्रुघ्न गौतम ने आवाज भी लगाई, लेकिन वो रुकी नहीं।

नाराज होकर भाजपा कार्यालय से बाहर निकलतीं विधायक अनिता भदेल। उन्हें रोकने की भी कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानीं।
मीडियाकर्मियों ने उनसे नाराजगी का कारण पूछा तो उन्होंने कहा- मैं अपनी बात संगठन स्तर पर रखूंगी। माना जा रहा है कि नाराजगी का कारण चुनाव में अनिता बघेल का विरोध है। इसके अलावा सरकार गठन के समय अनिता भदेल की मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलना भी नाराजगी का कारण हो सकता है।
इधर, पूर्व मंत्री व विधायक अनीता भदेल के बैठक से नाराज होकर रवाना होने के बाद उनके समर्थक भी बैठक से बाहर आ गए और वहीं कार्यालय में नीचे अलग से बैठ गए। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर डिप्टी सीएम से भी शिकायत की।

फोटो भाजपा कार्यालय का है। अनिता भदेल जब नाराज होकर बैठक से निकलीं तो उनके समर्थक भी वहां से बाहर आ गए।
विधायक की नाराजगी पर बोलीं- मुझे जानकारी नहीं है
विधायक भदेल की नाराजगी को लेकर जब डिप्टी सीएम दीया कुमारी से बातचीत की तो उनका कहना था- मुझे इस बारे में कोई नहीं जानकारी है। वहीं बैठक को लेकर वे बोलीं- कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लोकसभा चुनावों के कार्य योजना को लेकर चर्चा की गई। क्या-क्या कार्यक्रम रहेंगे इसकी रूपरेखा तैयार की गई है। चाहे किसी को भी टिकट मिले, पार्टी एकजुट होकर उसके साथ खड़ी रहेगी। कुछ फीडबैक भी मिला है, इसे संगठन स्तर पर शेयर करेंगे।





Be First to Comment