
लंदन। ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने अपनी कैबिनेट में प्रीती पटेल को होम मिनिस्टर बनाने के साथ ही कई भारतीयों को जगह दी है। दरअसल, उनका भारत से गहरा नाता है और वह कई बार भारत की यात्रा भी कर चुके हैं। क्या आप जानते हैं कि दिवंगत संपादक और लेखक खुशवंत सिंह, सैफ अली खान, सारा अली खान के रिश्तेदार भी हैं।
सुनकर आपको हैरानी हो सकती है, लेकिन यह सच है। दरअसल, उनकी पत्नी मरीना व्हीलर की मां दीपा सिंह की शादी खुशवंत सिंह के सबसे छोटे भाई दलजीत सिंह से हुई थी। दीपा ने प्रतिष्ठित पत्रकार सर चार्ल्स व्हीलर से शादी की थी। इन दोनों की संतान मरीना व्हीलर और अन्य बेटी हैं। इस तरह से मरीना हाफ इंडियन यानी आधी भारतीय हैं।
वहीं, दीपा की बड़ी बहन अमरजीत की शादी खुशवंत सिंह के बड़े भाई भगवंत सिंह के साथ हुई थी। भगवंत सिंह की भतीजी अमृता सिंह ने सैफ अली से शादी की थी और उनकी संतान सारा अली खान हैं। मरीना के साथ जब भी बोरिस जॉनसन भारत आते थे, तो उनकी मुलाकात इन लोगों से होती थी। लिहाजा, वह भारत, भारतीय राजनीति और समाज के बारे में काफी जानकारी रखते हैं।
बोरिस ने मरीना से साल 1993 में शादी की थी और 25 साल के वैवाहिक जीवन के बाद पिछले साल उन्होंने पत्नी से संबंध तोड़ने की घोषणा की थी। बोरिस और मरीना के चार बच्चे हैं। इससे पहले वह मरीना के साथ जब तीन बच्चों के साथ भारत की यात्रा पर आए थे, तो वह रणथंभौर टाइगर रिजर्व घूमने गए थे। इसके अलावा वह केरल में भी घूमने गए थे, जहां एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया था।
इस घटना में बोरिस जॉनसन बाल-बाल बच गए थे और इस घटना के बाद इतना आहात हो गए थे कि इसका जिक्र उन्होंने अपने एक कॉलम में भी किया था।





Be First to Comment