
डिलेवरी करवाने के 1000 रुपए मांगे नहीं तो रेफर करने की बात कही
शिकायत पर डाॅक्टर ने डाटा तो डाॅक्टर पर ही नर्स लगाने लगी आरोप
पिछोर। तहसील की बड़ी ग्राम पंचायत मनपुरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स द्वारा डिलेवरी करवाने के एवज में रुपए मांगने का मामला सामने आया है। यहां पदस्थ नर्स द्वारा प्रसूताओं से रुपए मांगे जाते हैं न दिए जाने पर रैफर कराए जाने की बात की जाती है। ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी डॉक्टरों को न हो लेकिन जब वह नर्स पर कार्रवाई की बात कहते हैं तो उन पर गलत आरोप लगाने की धमकी दी जाती है। मामले की शिकायत कलेक्टर व सीएमएचओ से की गई है।
दुल्हई ग्राम की एक प्रसूता महिला सुनीता पत्नी राजाभैया राजपूत प्रसव कराने पहुंची जहां नियुक्त नर्स रेखा अग्रवाल ने महिला की जांच पड़ताल कर महिला के साथ आए सास सोमवती, ससुर प्रेमनारायण से कहा कि आॅपरेशन होगा पैसे खर्च कर लो तो यही सब हो जाएगा। प्रसव सकुशल कराने के 1000 रुपए लगेंगे। ससुर एवं परिजनो ने पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि यह शासकीय अस्पताल है सब कुछ नि:शुल्क होता हैं और हम पैसे नहीं देगे। जिस पर नर्स ने कहा कि तो फिर हम गंभीर अवस्था दिखाकर बाहर रैफर कर देगे। जहां आने जाने और प्रसव कराने में और ज्यादा पैसा खर्च हो जायगा कोई और उपाय न देखकर परिजनों ने 1000 रू देने के लिए हां कह दिया। प्रसव होने के बाद नर्स रेखा ने रुपए मांगे जिस पर ससुर ने रुपए देने से साफ इंकार कर दिया तो नर्स ने भी बच्चे को परिजनों को सौंपने से मना कर दिया और कहा कि पहले रुपए दो फिर बच्चा ले जाओ। घबराये परिजनों ने अस्पताल के प्रभारी डाॅ. रोहित भदकारिया से नर्स की सारी करतूत बताई। प्रकरण में नर्स की गलती पाकर डाॅ. ने नर्स को फटकार लगाई। जिस पर नर्स उल्टा डाक्टर पर ही आरोप लगाने लगी तथा डाक्टर को चेतावनी देने लगी कि मेरे बीच में पड़ोगे तो में उच्चाधिकारियो से तुम्हारी शिकायत कर दूंगी।अस्पताल में हुई घटना की शिकायत प्रसूता के पति ने 181 सीएम हेल्पलाईन पर कराई। वहीं डॉक्टर ने भी पूरी जानकारी बीएमओ पिछोर को दी।
इनका कहना है
अस्पताल में एक ही नर्स है। आए दिन रुपए मांगने तथा मरीजों से दुव्यर्वहार की शिकायतें आती हैं। समझाने पर गंदे आरोप लगाती हैं गलत रिपोर्ट की धमकी देती हैं। हमने कई बार उच्चाधिकारी को अवगत कराया है।
डाॅ. राेहित भदकारिया, मनपुरा अस्पताल
–
नर्स द्वारा रुपए मांगे जाने व गलत व्यवहार की श्किायत हमारे पास आती है। अमने सीएमओ व कलेक्टर को मामले से अवगत करा दिया है। जल्द ही कार्रवाई होगी।
डॉ. संजीव वर्मा, बीएमओ पिछोर






Be First to Comment