
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे और राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। नीरज ने सोमवार को समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा और सपा से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सोमवार को नीरज शेखर का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया था। सदन में उनका कार्यकाल नवंबर 2020 तक था।
लोकसभा चुनाव के दौरान नीरज बलिया संसदीय सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, इसके लिए उन्होंने अखिलेश यादव से टिकट की मांग की थी। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें आश्वस्त भी किया था, लेकिन आखिरी वक्त तक भरोसा देकर अचानक उनकी जगह सदानंद पांडेय को टिकट दिया गया। इसके बाद से नीरज नाराज थे।
मालूम हो कि 2007 में बलिया संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में भारी मतो से जीतकर नीरज शेखर संसद पहुंचे थे। चंद्रशेखर की विरासत संभाल रहे नीरज ने अपने राजनीतिक तेवरों के चलते ही 2009 के आम चुनाव में भी बाजी मारी और 2014 तक संसद में रहे। 2014 की मोदी लहर में वह भाजपा के भरत सिंह से चुनाव हार गए थे। इसके बाद सपा ने उन्हें 2014 में राज्यसभा के रास्ते संसद पहुंचा दिया था। बता दें कि बलिया संसदीय सीट से लगातार चंद्रशेखर चुनाव जीतते रहे।





Be First to Comment