
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई मंत्रीमंडल की बैठक में निवाड़ी तहसील को जिला बनाये जाने के फैसले पर मुहर लगा दी गई है. एक अक्टूबर से निवाड़ी टीकमगढ़ से अलग होकर प्रदेश का 52वां जिला बन जायेगा. यह प्रदेश का सबसे छोटा जिला होगा जिसमें दो विधानसभा सीटें और तीन तहसीलें शामिल होंगी. जबकि इसकी आबादी 4 लाख के आस-पास होगी.
नये जिले की घोषणा के साथ ही राजस्व विभाग ने राजपत्र अधिसूचना जारी करने के निर्देश दे दिये है. गौरतलब है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले चुनावों के दौरान निवाड़ी को जिला बनाये जाने की घोषणा की थी. काफी लंबे समय बाद शनिवार को आखिरकार सीएम की अध्यक्षता में हुयी मंत्रीमंडल की बैठक में इस फैसले पर मुहर लगा दी गई है.
प्रदेश का सबसे छोटा जिला होगा निवाड़ी
निवाड़ी प्रदेश का सबसे छोटा जिला होगा. इस जिले में निवाड़ी के साथ मोहनगढ़, पृथ्वीपुर तहसीलें शामिल होंगी. जबकि इसमें दो विधानसभा सीटें निवाड़ी और पृथ्वीपुर ही शामिल होगी. जबकि यहां की कुल आबादी 4 लाख 4 हजार 569 होगी. वहीं जिले में कुल गांवों की संख्या 302 होगी. जिनमें 138 ग्राम पंचायतें शामिल रहेगी. वहीं इस जिले का कृषि योग्य भूमि 77 हजार 147 हेक्टएयर और भौगोलिक क्षेत्र 81 लाख 41 हजार हेक्टेयर होगा. वहीं पर्यटन की दृष्टि से ओरछा का प्रसिध्द रामराजा मंदिर भी अब इसी जिले के अंतर्गत आयेगा।
इस नये जिले की सीमाएं उतरप्रदेश से भी मिलेंगी. वहीं प्रदेश के बुंदेलखंड अंचल में अब 5 की जगह 6 जिले हो जायेंगे. जबकि एमपी और यूपी के बुंदेलखंड को मिलाकर कुल जिलों की संख्या 14 हो जायेगी।





Be First to Comment