Press "Enter" to skip to content

MP में अंगद का पैर भाजपा, कोई हिला नहीं सकता: अमित शाह

संभाग के कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक जीत के लिए जुट जाने का दिलाया संकल्प 
शिवपुरी। शहीद तात्याटोपे की बलिदान स्थली और राजमाता विजयाराजे सिंधिया की कर्मस्थली शिवपुरी से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने संभाग भर से आए भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश और देश में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के लिए जुट जाने का संकल्प दिलाया। पोलोग्राउण्ड में आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन में श्री शाह ने आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा अंगद के पैर की तरह है जिसे कोई हिला नहीं सकता। हमारा मकसद प्रदेश में जीतना नहीं है, लेकिन इतने प्रचंड बहुमत से जीतना है कि हमारे दुश्मन की धड़कनें बंद हो जाएं। कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यकर्ता सम्मेलन में मप्र के प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सहस्त्रबुद्धे और सांसद प्रभात झा सहित स्थानीय मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, प्रभारी मंत्री रूस्तम सिंह, लालसिंह आर्य आदि भी उपस्थित थे। 

अपने 45 मिनट के भाषण में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शहीद तात्याटोपे और राजमाता विजयाराजे सिंधिया को याद करते हुए कहा कि यह पुण्य भूमि दोनों महान आत्माओं की कर्मस्थली रही है। तात्याटोपे ने आजादी के आंदोलन में रावसाहब और लक्ष्मीबाई को प्रेरणा दी। उन्होंने ही रोटी और कमल का संदेश दिया। मैं आज उनकी बलिदान स्थली पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए पुण्य स्मरण करता हूं। राजमाता सिंधिया को याद करते हुए श्री शाह ने कहा कि श्रीमंत राजमाता साहब ने जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने जेल में रहना मंजूर किया, लेकिन अपने आदर्शों से नहीं डिगीं। इस क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का यह सौभाग्य रहा कि उन्हें राजमाता साहब की शीतल छाया का सानिध्य प्राप्त हुआ। भाजपा ने 12 अक्टूबर से देशभर में राजसाहब जन्मशदी समारोह मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर उनके नाम पर कई नामांकरण होंगे। श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित होंगे, लेकिन इस जन्म शताब्दी वर्ष में राजमाता साहब को सबसे अच्छी श्रद्धांजलि यही होगी कि वर्ष 2018 में विधानसभा और वर्ष 2019 में लोकसभा में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने में कार्यकर्ता दृढ़ संकल्पित हों। श्री शाह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भूरि-भूरि तारीफ की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मुख्यमंत्री चौहान देश के सफल से सफल मुख्यमंत्रियों में से एक हैं और उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे कार्यकर्ताओं को सिर झुकाना पड़े। उनके खाते में अनेक उपलब्धियां हैं वहीं दूसरी ओर केन्द्र में नरेन्द्र मोदी सरकार ने भी आम आदमी के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यदि वह लाभान्वित हितग्राहियों तक पहुंचने में सफल रहे तो भाजपा की ऐतिहासिक जीत में कोई शंका नहीं है। कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन वेदप्रकाश शर्मा ने किया जबकि आभार प्रदर्शन की रस्म किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने निर्वहन की। इस कार्यकर्ता सम्मेलन में ग्वालियर चंबल संभाग के नगर और ग्रामीण बूथ के लगभग 6 हजार कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। 
प्रदेश में राजा, महाराजा और उद्योगपति के सहारे कांग्रेस
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस के प्रादेशिक नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस एक राजा, एक महाराजा और एक उद्योगपति के सहारे मैदान में है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का नाम न लेते हुए श्री शाह ने उन्हें श्रीमान बंटाधार बताया तथा कहा कि उनके शासन काल में प्रदेश में न तो सड़कें, न बिजली, न पानी और न ही रोजगार उपलब्ध था। 

शेख चिल्ली की तरह सपने देखते हैं राहुल बाबा
श्री शाह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह मध्यप्रदेश में सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। सपना देखने की उन्हें कोई मनाही नहीं है, लेकिन वह शेख चिल्ली की तरह सपने न देखें। देश भर में जब से नरेन्द्र मोदी की सरकार आई है कांग्रेस का सफाया होता जा रहा है। केन्द्र में सत्ता में आने के बाद भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखण्ड, कश्मीर, मणिपुर, असम, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, नागालैण्ड, गोवा, गुजरात और त्रिपुरा में अपना परचम फहराया। दुरबीन लगाकर भी देखो तो कांग्रेस कहीं नजर नहीं आती ऐसे में प्रदेश में कांग्रेस का सत्ता में आने का सपना देखना शेख चिल्ली की तरह है। 

2019 में सत्ता में आने के बाद घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे
श्री शाह ने कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि वह वोटों की राजनीति के चलते घुसपैठियों को शरण दे रही है। असम में एनआरसी का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या घुसपैठियों को देश से बाहर निकालना चाहिए या नहीं। इस पर कार्यकर्ताओं ने चिल्लाकर कहा कि निकालना चाहिए, निकालना चाहिए। इस पर उत्साहित अंदाज में श्री शाह बोले कि 2019 में नरेन्द्र मोदी सरकार सत्ता में आने के बाद सबसे पहले देश में घुसे घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेगी।

अमित शाह ने समाधि स्थल पर पहुंचकर तात्या को दी श्रद्धांजलि
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह हेलीपेड से कार्यक्रम स्थल पहुंचने के दौरान रास्ते में शहीद तात्याटोपे की समाधि स्थल पर पहुंचे और उन्होंने तात्याटोपे की प्रतिमा को नमन कर पुष्प अर्पित किए तथा उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके साथ  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह आदि भी उपस्थित थे। 
शाह के संबोधन के दौरान धर्मेन्द्र प्रधान और यशोधरा राजे ने मंच छोड़ा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जब कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे उसी समय केन्द्रीय मंत्री और प्रदेश प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान मंच से उठकर चले गए। उसके बाद प्रदेश सरकार की केबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी मंच छोड़ दिया। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों नेताओं ने किन कारणों से मंच को छोड़ा। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!