जगदलपुर

बस्तर लोकसभा सीट से जीत दर्ज करने महेश कश्यप लगातार जनता के पास जा रहे हैं।
बस्तर लोकसभा सीट से BJP प्रत्याशी महेश कश्यप चुनावी अखाड़े में उतरे हैं। उनके सबसे निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी और 6 बार के MLA कवासी लखमा हैं। फिलहाल ये सीट कांग्रेस के कब्जे में है। अब बस्तर सीट पर जीत दर्ज करने और जनता से वोट मांगने महेश कश्यप अंदरूनी इलाकों तक पहुंच रहे हैं। बीजापुर जिले के प्रवास पर रहे कश्यप ने कहा कि मोदी की गारंटी उन्हें ये चुनाव जितवाएगी।
महेश कश्यप ने कहा कि लोकसभा के प्रत्याशी के रूप में ये उनका पहला बीजापुर प्रवास है। बीजापुर में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ ने ये बता दिया कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के दिल में देशभक्ति का जो जज्बा है, उसे कोई ताकत डरा या मिटा नहीं सकती। भाजपा कार्यकर्ताओं की यही शक्ति नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के पद पर बिठाएगी।

महेश कश्यप लगातार प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच सहयोग और आशीर्वाद मांगने पहुंचे हैं। उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि मोदी की गारंटी और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा बस्तर लोकसभा सीट पर विराट जीत दर्ज करेगी।
कश्यप के लिए वोट मांगने आ रहे मोदी
बस्तर लोकसभा सीट के लिए पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप को चुनाव में जिताने, लोगों से वोट मांगने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बस्तर पहुंचेंगे। 8 अप्रैल को आमाबाल गांव में पीएम की चुनावी सभा होगी। बताया जा रहा है कि ग्रामीण क्षेत्र में चुनावी सभा कर ग्रामीण वोटर्स को साधने की स्ट्रैटजी होगी। मोदी के बस्तर दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

6 बार के MLA हैं कवासी लखमा
कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा कोंटा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार के विधायक हैं। पिछली सरकार में वे आबकारी मंत्री भी रह चुके हैं। कांग्रेस ने उन्हें अपने प्रत्याशी के रूप में चुनावी अखाड़े में उतारा है। वे पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भाजपा के महेश कश्यप चुनाव मैदान में उतरे हैं।



