जयपुर

बिजनेसमैन की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 33 लाख रुपए लूट के मामले में पुलिस ने मास्टर माइंड संदीप सिंह (27) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बदमाश पर 15 हजार रुपए का इनाम रखा था। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि पुलिस से बचने के लिए आरोपी 5 राज्यों (राजस्थान, हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली) में घूमता रहा। लूट के रुपयों से कुल्लू- मनाली और शिमला में मौज-मस्ती करता रहा। महंगे शौक पूरे करता रहा। थार कार का लोन चुकाया। डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) वेस्ट की सूचना पर जयपुर आते ही बदमाश गिरफ्तार हो गया।
बता दें कि 1 मार्च को विद्याधर नगर में रहने वाले बिजनेसमैन गर्व खंडेलवाल के साथ लूट की वारदात हुई थी। शाम करीब 5 बजे गर्व खंडेलवाल धनश्री टावर में व्यापारी आशीष पेडीवाल के पास आया था। आशीष पेडीवाल से 33 लाख रुपए बैग में रखकर गर्व खंडेलवार निकला था। धनश्री टावर की पार्किंग में ही तीन बदमाश आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 33 लाख रुपए लूट ले गए थे।
ऐसे पकड़ा गया मास्टर माइंड
सूत्रों के अनुसार, लूट का सबसे बड़ा हिस्सा मास्टर माइंड संदीप सिंह के पास था। काफी तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। डीसीपी (नॉर्थ) की ओर से मास्टर माइंड संदीप सिंह पर 15 हजार रुपए का इनाम रखा गया। शनिवार को DST वेस्ट के हेड कॉन्स्टेबल मनेन्द्र सिंह और कॉन्स्टेबल कोमल सिंह को संदीप सिंह के जयपुर आने की सूचना मिली।
सूत्रों के मुताबिक, एक महीने फरारी काटने के बाद संदीप वापस जयपुर लौटा। जयपुर के हाथोज में उसका घर है। शनिवार शाम घर आने के दौरान डीएसटी टीम ने हाथोज रोड पर ही मास्टर माइंड संदीप को पकड़ लिया।
DST वेस्ट प्रभारी गणेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने संदीप सिंह को पकड़कर विद्याधर नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि लूट के रुपए लेकर वह फरारी काटने निकल गया था। पुलिस से बचने के लिए 5 राज्यों में घूमता रहा।
लूट के रुपयों से महंगे शौक पूरे किए
लूट कर भागने के बाद मौज-मस्ती के लिए संदीप कुल्लू-मनाली और शिमला गया था। होटलों में रुककर महंगे शौक पूरे किए। पिछले करीब एक महीने बाहर रहकर लूट के रुपयों से अय्यासी कर शनिवार को वापस जयपुर आया था।
लूट के तीन आरोपियों को 8 मार्च को गिरफ्तार कर चुकी पुलिस।
लूट करने वाले तीन बदमाश पहले से पुलिस की गिरफ्त में
मामले मे लूट के तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। तीनों की गिरफ्तारी का खुलासा करते हुए DCP (नॉर्थ) राशि डोगरा ने बताया था कि लूट के मामले में 8 मार्च को पुलिस ने आरोपी सुनील महावर (28) निवासी जमवारामगढ़, मनोज कुमार कुमावत (25) निवासी भैसावा जोबनेर और कर्मवीर मीणा (24) निवासी मनोहरपुर जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी सुनील के कब्जे से 3 लाख, मनोज से 2 लाख और कर्मवीर मीणा से 5 लाख रुपए बरामद किए थे। बाद में लोकेन्द्र सिंह उर्फ लौकी और विकास योगी को भी गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से 2 लाख रुपए मिले थे। मास्टर माइंड संदीप सिंह फरार था।
टास्क देकर प्लानिंग के तहत वारदात की
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया था कि लूट की पूरी साजिश मास्टर माइंड कैफे मालिक संदीप सिंह ने रची थी। संदीप ने ही अपने पुराने परिचितों को वारदात करने के लिए बुलाया था। कैफे में बैठकर प्री-प्लानिंग कर बदमाशों को अलग-अलग टास्क देकर भेजा गया था। लालच देकर संदीप ने ही व्यापारी आशीष पेडीवाल के पास काम करने वाले सुनील महावर को गैंग में शामिल किया था।
SHO (विद्याधर नगर) राकेश ख्यालिया ने बताया- लूट के मास्टर माइंड संदीप सिंह को अरेस्ट किया गया है। आरोपी के कब्जे से 10 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। साथ ही आरोपी ने लूट की रकम से अपने दोस्त के नाम से खरीदी थार का कर्जा भी चुकाया। पुलिस ने थार को भी जब्त किया है। पकड़े गए छह आरोपियों से अब तक 22 लाख रुपए बरामद हो चुके हैं।





Be First to Comment