Press "Enter" to skip to content

टीआई से लेकर एसपी तक लगाई पीडि़ता ने गुहार, फिर भी नहीं हुई सुनवाई | Kolaras News


विधवा महिला के साथ युवक कर रहा अवैध संबंध बनाने का प्रयास

शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम खैराई में एक विधवा महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहती है और मजदूरी का कार्य करने अपना व बच्चों का भरण पोषण कर रही है, लेकिन गांव का ही रहने वाला राकेश धाकड़ पुत्र चिरोजी धाकड़ विधवा महिला पर अपनी बुरी नीयत गढाए हुए बैठा है। महिला के  साथ राकेश घर में घुसकर अवैध संबंध बनाने का प्रयास कर चुका है। महिला द्वारा विरोध करने पर युवक उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देता है। मामले की शिकायत पीडि़ता ने कोलारस थाने में दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई करने के बजाय उसे चलता कर दिया। इसके बाद महिला द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई। महिला के आवेदन पर अति. पुलिस अधीक्षक द्वारा कोलारस पुलिस को मामले में जांच के लिए निर्देशित किया, लेकिन कोलारस पुलिस द्वारा आज दिनांक तक उक्त युवक के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं करने से उसके हौंसले बुलंद हैं और महिला व उसके बच्चे भयभीत होकर अपना जीवन यापन करने के लिए मजबूर हैं। 

इस प्रकार युवक से त्रस्त है विधवा महिला

पीडि़त महिला ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि वह 29 मई को वह अपने घर पर थी जब शाम के समय खाना बना रही थी। तभी राकेश धाकड़ निवासी खैराई आया और अंदर घुस गया और मुझे बुरी नीयत से जबर्दस्ती पकड़ते हुए छेड़छाड़ करने लगा। जब महिला ने शोरशराबा किया तो आवाज सुनकर उसके बच्चे मौके पर आ गए। बच्चों द्वारा विरोध करने पर उक्त युवक दीवार लांघकर भाग गया और जाते-जाते महिला से गाली देते हुए बोला कि इस बार तू बच गई फिर कभी मिली तो तेरे साथ गलत कार्य करूंगा, लेकिन महिला की इस व्यथा पर कोलारस पुलिस को तरस नहीं आया।

बंदूक की दिखाता है धोंस

महिला ने बताया कि राकेश कहता है कि अब तो मैं बंदूक उठा लाया हूं। अब तेरे साथ गलत कार्य करूंगा या फिर तुझे जान से मार दूंगा। जिससे पीडि़ता का परिवार काफी भयभीत है। उनका कहना है कि उनके साथ कभी भी घटना दुर्घटना हो सकती है जिसके कारण वह मजदूरी करने भी नहीं जा रही है।

एसपी के यहां शिकायत करने पर परमार दरोगा हुए क्रोधित


महिला ने बताया कि जब उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायती आवेदन दिया, जहां से प्रार्थिया के आवेदन पत्र पर सील लगाकर थाना कोलारस में भेजा। जब मैं कोलारस थाने पहुंची तो मुझे दरोगा परमार मिले और मुझसे गाली गलौंच करते हुए अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते हुए कहा कि तुझको जहां शिकायत करना है कर ले राकेश धाकड़ का कोई कुछ नहीं कर सकता। इससे स्पष्ट होता है कि पुलिस की उक्त युवक से सांठगांठ है तभी तो परमार दरोगा राकेश की तरफदारी कर रहा है।  
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!