
पीडब्लूडी और नगर परिषद एक दूसरे को बता रहे जिम्मेदार
खनियांधाना। पिछले वर्ष नगर की सुंदरता में चार चांद लगाते हुए पिछोर रोड से अस्पताल चौराहे तक करीब डेढ़ किलोमीटर की सड़क पर डिवाइडर बनाकर बीच में बिजली के पोल लगाकर सुंदर लाइटें लगाई गई थी ताकि लोगों की सुविधा के साथ-साथ नगर की खूबसूरती भी बढ़े, लेकिन पिछले करीब एक माह से नगर के बस स्टैंड से लेकर रेंज चौराहे तक की स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है । जिसका मुख्य कारण पीडब्ल्यूडी विभाग व नगर परिषद एक दूसरे पर इसकी जिम्मेदारी डाल रहे हैं । इस संबंध में नगर परिषद सीएमओ का कहना है कि जब पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा इसे सुधरवाने का प्रयास नहीं किया गया और लोगों की बार-बार आ रही शिकायतों को देखते हुए हमने इसकी बंद पड़ी लाइटों को सुधरवाने के लिए ग्वालियर भेजा है तथा दो-तीन दिन में वह लगवा दी जाएगी।
लेकिन इसका दूसरा पहलू यह है कि जिन बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट जलना थी उन पर इन दिनों धड़ल्ले से बिना परमीशन निजी संस्थानों होर्डिंग, बैनर धड़ल्ले से चिपकाए जा रहे हैं जबकि इसके लिए विधिवत स्वीकृति ली जाती तो नगर परिषद को आर्थिक लाभ भी होता। बुधवार को एक निजी शिक्षण संस्थान के वाहन द्वारा जब इन पोल पर होर्डिंग टांगे जा रहे थे तो हमारे नईदुनिया प्रतिनिधि ने उससे इसकी परमिशन के बारे में पूछा तो वह कोई जवाब नहीं दे सका बोला कि यह सब ठेकेदार का काम है। जबकि पूर्व में बिना परमिशन टांगे गए होर्डिंग को प्रशासन द्वारा हटा दिया गया था फिर अब यह किसके इशारे पर उन्हें लगाए जा रहे हैं । क्योंकि अवैध रूप से लगने वाले इन होर्डिंग या बैनर से जहां डिवाइडर की सुंदरता खत्म होती है वही वाहन क्रॉस करते समय सामने वाले वाहन नहीं दिखने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है । स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से लगाए जा रहे इन होर्डिंग्स और बैनर पर रोक लगाई जाए तथा स्ट्रीट लाइट जल्दी चालू की जाए जिससे लोगों को परेशानी से निजात मिल सके ।
इनका कहना है
स्ट्रीट लाइट का जिम्मा पीडब्ल्यूडी विभाग के पास है लेकिन जब उन्होंने बंद पड़ी लाइटों के संबंध में कोई कार्यवाही नहीं की तो हमने उन्हें सुधरवाने भेजा है तथा दो-तीन दिन में ही वह चालू हो जाएगी तथा जो बिना परमिशन के किसी ने अवैध होर्डिंग लगाए हैं तो मैं तुरंत दिखवाता हूँ व कार्यवाही करूँगा।
विनय कुमार भट्ट
सीएमओ, नगर परिषद, खनियांधाना






Be First to Comment