
शिवपुरी। करैरा के रौनीजा गांव में महिला की मौत गिरने से होने के बारे में सूचना दी गई थी, लेकिन मर्ग की विवेचना में सामने आया कि महिला के सिर में उसी के सगे भतीजे ने डंडा मार दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई। जमीनी विवाद के चलते महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर मामला विवेचना में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक बलराम पुत्र हरनाम रावत निवासी रौनीजा ने बताया कि 11 दिसंबर को दोपहर 3 बजे गांव के मेहताब रावत ने फोन पर सूचना दी थी कि तुम्हारी माताजी खुमनिया बाई रावत (50) मेढ़ पर गिर गईं हैं। सिर में माथे पर चोट आई है।
इलाज के लिए ग्वालियर ले जाते समय खुमनिया ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि खुमनिया बाई रावत को उसी के भतीजे उत्तमसिंह रावत ने जमीन विवाद के चलते सिर में डंडा मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उत्तम सिंह रावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया है।






Be First to Comment