बांसवाड़ा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को बांसवाड़ा में प्रवेश करेगी। यात्रा सुबह 11.30 बजे राजस्थान की सीमा दानपुर में पहुंचेगी जहां से छोटी सरवन, पाड़ला होते हुए बांसवाड़ा शहर में आएगी।
शहर में यह यात्रा नया बस स्टैंड, नई आबादी से हॉस्पिटल चौराहा, कुशलबाग मैदान से पुराना बस स्टैंड, कस्टम चौराहा होती हुई कॉलेज मैदान पहुंचेगी। यहां सभा का आयोजन किया जाएगा। सभा के बाद कूपड़ा होते हुए बोरवट, बड़ोदिया, कलिंजरा, भीलकुआं से गुजरात के झालोद में प्रवेश करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा आज आएंगे
राहुल गांधी की यात्रा को लेकर पीसीसी चीफ गोविन्द डोटासरा आज बांसवाड़ा पहुंचेंगे। वो उदयपुर डबोक हवाई अड्डे से सड़क मार्ग से बांसवाड़ा आएंगे। जहां वो सभा स्थल और यात्रा के रूट का जायजा लेंगे। यात्रा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का भी आना करीब करीब तय माना जा रहा है।
इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, प्रभारी सुखजिंदर रंधावा सहित पार्टी के दिग्गज नेता शामिल होंगे।
दौरे से पहले मिले दो झटके
राहुल की यात्रा से पहले सोमवार को जहां पूर्व जिलाध्यक्ष और पीसीसी महासचिव चांदमल जैन ने पार्टी से इस्तीफा दिया। वहीं मंगलवार को कांग्रेस के नगर अध्यक्ष तपन मेघावत ने भी इस्तीफा देकर चौंका दिया है। मेघावत पूर्व मंत्री अर्जुनसिंह बामनिया के काफी करीबी हैं। ऐसे में उनका जाना चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने राम मंदिर जाने से इनकार किया, उसमें रहने से क्या फायदा।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा की व्यवस्थाओं में समन्वय एवं सहयोग के लिए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा द्वारा उदयपुर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा को समिति का सदस्य मनोनीत किया।
शर्मा ने बताया कि समिति में एआईसीसी सदस्य दिनेश खोडनिया, पूर्व विधायक रामलाल मीणा, राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियकांत पण्ड्या एवं पंकज कुमार शर्मा सम्मिलित हैं।





Be First to Comment