रांची
दिल्ली में ED की टीम ने सोरेन के घर से एक BMW जब्त की है।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खोजकर लाएं। मंगलवार 30 जनवरी को टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में ये बात सामने आई है। हेमंत सोरेन बीते 24 घंटे से कहां है, इसकी किसी को जानकारी नहीं है।
जमीन घोटाला मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम 29 जनवरी की सुबह करीब सात बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साउथ दिल्ली स्थित आवास (5/1 शांति निकेतन) पहुंची, लेकिन वे नहीं मिले। तलाशी के बाद जांच एजेंसी ने उनकी BMW कार भी जब्त कर ली और अपने साथ ले गए। मंगलवार सुबह भी CM हाउस के सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री नहीं लौटे हैं।
इस बीच, रांची के मुख्यमंत्री आवास में आज सत्ताधारी दलों के विधायकों की अहम बैठक होने वाली है। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद रह सकते हैं। एक दिन पहले 29 जनवरी को कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने कहा था कि बैठक में CM मौजूद रहेंगे। इधर, 31 जनवरी को 1 बजे हेमंत सोरेन ने ED को पूछताछ के लिए वक्त दिया है।
देर रात दिल्ली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के घर से उनकी BMW में निकली ED की टीम।
JMM ने कहा- भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही
- झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बयान जारी कर कहा- जब से झारखंड में आदिवासी युवा हेमंत सोरेन के कुशल नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनी है, तब से केंद्र सरकार और भाजपा सरकार गिराने की साजिश रच रही है। तमाम राजनीतिक कोशिशों के बाद अब केंद्र और भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं।
- कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि CM हेमंत सोरेन मंगलवार को आप सभी के सामने होंगे। मंगलवार को बैठक बुलाई गई है। ऐसा नहीं है कि CM का किसी ने अपहरण कर लिया है। यह बदले की राजनीति है। उन्हें (भाजपा को) बस किसी तरह से सत्ता में आना है।
- कांग्रेस विधायक विक्सल कोंगडी ने कहा, हम CM आवास आए थे। कोई खास बातचीत नहीं हुई। सभी ने साथ बैठकर चाय पी। कल (मंगलवार, 30 जनवरी) फिर दो से तीन बजे के बीच बैठक हो सकती है। सभी विधायकों को रांची में रहने का निर्देश दिया गया है। कल बैठक तय है।
- झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि हेमंत सोरेन ने ED को ईमेल पर पूछताछ के लिए समय दिया है। इसमें लिखा गया है- 31 जनवरी को दोपहर 1 बजे पूछताछ के लिए सीएम तैयार हैं। ED की कार्रवाई अलोकतांत्रिक है।
झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन के दिल्ली स्थित ठिकाने पर 29 जनवरी को ED की टीम पहुंची थी, लेकिन वे नहीं मिले। अब तक उनका पता नहीं चला है।
आपका एक्शन राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित है-सीएम
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने प्रवर्तन निदेशालय को पत्र लिखा है। पत्र में कहा है कि-आप अच्छी तरह से जानते हैं कि विधानसभा का बजट सत्र 2 और 29 फरवरी 2024 के बीच आयोजित किया जाएगा। उसकी तैयारियों और इसके साथ ही दूसरे पूर्व निर्धारित आधिकारिक कार्यक्रमों में व्यस्तता रहेगी। इन परिस्थितियों में 31 जनवरी 2024 को या उससे पहले एक और बयान दर्ज करने की बात दुर्भावनापूर्ण है। आपका रवैया आपके राजनीतिक एजेंडे को उजागर करता है। जो राज्य सरकार के कामकाज को बाधित करने और एक निर्वाचित प्रतिनिधि को अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन करने से रोकने की कोशिश है। इस तरह से समन जारी करना कष्टदायक है और क़ानून द्वारा दी गई शक्तियों का दुरुपयोग है।
रांची में नेताओं ने साधी चुप्पी, CM कहां हैं, नहीं बताया
झारखंड में महागठबंधन की सरकार है। इस घटनाक्रम के बाद सोमवार देर रात रांची में गठबंधन की बैठक हुई। इसमें मिथिलेश ठाकुर, आलमगीर आलम, इरफान अंसारी, बेबी देवी, मथुरा प्रसाद महतो, मंगल कालिंदी, सविता महतो समेत कई विधायक शामिल हुए।
CM मौजूद नहीं थे। ये दावा भी किया गया कि हेमंत सोरेन सड़क मार्ग से रांची लौट रहे हैं। बैठक के बाद जब नेताओं से CM सोरेन के संबंध में पूछा गया कि वे इस वक्त कहां है तो इस पर किसी नेता ने खुलकर बात नहीं की।
झारखंड में CM हाउस और भाजपा दफ्तर की सुरक्षा बढ़ाई गई
ED की कार्रवाई के विरोध में सोमवार को JMM कार्यकर्ता रांची के मोरहाबादी इलाके से सीएम हाउस होते हुए राजभवन गए। इस दौरान ED और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ED के खिलाफ रांची में JMM कार्यकर्ताओं का राजभवन मार्च।
हेमंत सोरेन पर कार्रवाई के बीच रांची में झारखंड भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई।
रांची में हेमंत सोरेन के सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई।
Be First to Comment