भोपाल

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने बच्चों की पिटाई का वीडियो शेयर किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार सुबह बच्चों की पिटाई का एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में एक युवक डंडे से पांच बच्चों की पिटाई कर रहा है। सभी बच्चों के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हैं। जीतू ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर पोस्ट कर भाजपा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
इस पोस्ट पर भाजपा भी हमलावर हो गई। भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा- पटवारी जी प्रदेश को बदनाम करने का पाप मत कीजिए। वहीं, पार्टी प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने कहा- टूटता दल हो, बिखरता बल हो तो राजनीतिक मोतियाबिंद हो ही जाता है।
जीतू पटवारी ने वीडियो जबलपुर का होने के दावे के साथ ये पोस्ट सुबह 8 बजे की और सवा नौ बजे डिलीट कर दी। फिर एक मिनट बाद इसी वीडियो को दोबारा शेयर किया, जिसमें @DrMohanYadav51 जी की जगह @narendramodi जी टैग किया। इसमें वीडियो जबलपुर का होने का दावा नहीं किया। जबलपुर एसपी ने भी इससे इनकार किया है।
क्या है इस वीडियो में
58 सेकेंड के इस वीडियो में पांचों बच्चे एक ही रस्सी से बंधे हैं। बच्चे चीख-चीखकर रो रहे हैं। युवक से छोड़ देने की गुहार लगा रहे हैं। आसपास काफी भीड़ है, जो बच्चों को छोड़ देने की बात युवक से कह रही है।
पटवारी की पहली पोस्ट पढ़ लीजिए
जीतू पटवारी ने लिखा- रोते, बिलखते, चीखते इन बच्चों ने सिर्फ कुएं से पानी पी लिया था और ये तालिबानी सजा इसलिए कि ये अनुसूचित जाति से हैं। @DrMohanYadav51 जी, यदि आपकी आंख का पानी उतरा नहीं हो, तो एक-एक आंसू का हिसाब तुरंत दे दें। गौर से देख भी लें कि @BJP4India द्वारा फैलाया जा रहा नफरत का नंगा नाच मासूम जिंदगियों से भी सांसों का सौदा करना चाहता है।

जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर ये पोस्ट किया है। इसके साथ बच्चों की पिटाई का 58 सेकेंड का वीडियो भी है।
फिर डॉ. मोहन यादव की जगह पीएम मोदी को टैग किया
दिल दहलाने वाला ये दृश्य पत्थरदिल को भी विचलित कर सकता है। रोते/बिलखते/चीखते इन बच्चों ने सिर्फ कुएं से पानी पी लिया था! और, ये तालिबानी सजा इसलिए दी गई कि ये मासूम #दलित हैं। @narendramodi जी, गौर से देख लें कि @BJP4India द्वारा फैलाया जा रहा नफरत का नंगा नाच अब मासूम जिंदगियों से भी सांसों का सौदा करना चाहता है। सोचना यह भी होगा कि कानून से खिलवाड़ करने वाले @DrMohanYadav51 सरकार में ज्यादा क्यों दिखाई दे रहे हैं?
दोषियों को चिन्हित करें! मिसाल बने, ऐसी कार्रवाई करें! पूरे दलित समाज से तत्काल माफी मांगे!

पटवारी ने अपनी पहली पोस्ट डिलीट करने के बाद इसी वीडियो को दोबारा शेयर किया।
पीसीसी चीफ की पोस्ट पर भाजपा हमलावर…
भाजपा प्रवक्ता आशीष अग्रवाल बोले- राजनीतिक मोतियाबिंद…
भाजपा प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने X पर पोस्ट के जरिए जीतू पटवारी को घेरा। उन्होंने लिखा- जीतू पटवारी जी, टूटता दल हो, बिखरता बल हो.. और चिंता में आज और कल हो.. तो आंखों में राजनीतिक मोतियाबिंद हो ही जाता है, लेकिन इस हताशा और निराशा में किसी दूसरे राज्य के वीडियो को अपने मध्यप्रदेश का बताकर बदनाम ना करें… अब ध्यान से समझें और जो वीडियो पोस्ट कर रहा हूं उसको बार-बार देखें
- वीडियो के बच्चों की भाषा जबलपुर या मध्यप्रदेश की नहीं है
- वीडियो में पानी नहीं, बल्कि पैसे निकालने की बात कर रहे हैं
- मीडिया रिपोर्ट कहती हैं कि वीडियो एमपी का नहीं
- स्थानीय पुलिस और लोगों ने वीडियो की प्राथमिक जांच करके इसे दूसरे राज्य का बताया है। आपको मध्यप्रदेश को बदनाम करने के एक और प्रयास के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए… अचरज नहीं है कि बदहाली में मध्यप्रदेश को लाने वाले कांग्रेसियों को खुशहाल मध्यप्रदेश भाता नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने इस पोस्ट के जरिए जीतू पटवारी पर हमला बोला।
नरेंद्र सलूजा बोले- प्रदेश को बदनाम करने का पाप न करें

जबलपुर एसपी बोले- वीडियो जबलपुर का नहीं
बच्चों की पिटाई के वीडियो को लेकर भाजपा-कांग्रेस में घमासान मच गया। इस बीच सोशल मीडिया X पर जबलपुर एसपी के अकाउंट से वीडियो जबलपुर का न होना बताया गया। इसमें कहा है- एक पोस्ट बच्चों के साथ मारपीट का वीडियो मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के द्वारा उनके ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया गया है, जिसका घटनास्थल जबलपुर जिले का होना नहीं पाया गया है।

तीन दिन पहले 16 फरवरी को यही महाराष्ट्र की एक नेता नेहा शिंदे ने X पर शेयर किया था। नेहा ने भी इसे जबलपुर का बताया था।










Be First to Comment