Press "Enter" to skip to content

सैनी के अंतिम दर्शन के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री गहलोत, पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार ! Jaipur News

Madanlal saini last right in rajasthan
जयपुर. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी का सोमवार देरशाम दिल्ली में निधन हो गया। मंगलवार सुबह 7:30 बजे सैनी का पार्थिव देह जयपुर के भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। जहां तमाम भाजपा के नेता मौजूद रहे। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, मंत्री रघु शर्मा समेत कांग्रेस के तमाम नेता उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। साथ ही सैनी के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई हस्तियों ने शोक जताया है। जानकारी अनुसार, दोपहर 3 बजे पैतृक गांव में सैनी की अन्त्येष्टि होगी।
मदन लाल सैनी का पर्थिव देह 10 बजे कार्यालय से रवाना हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। शहर में कई स्थानों से होते हुए मदन लाल सैनी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचनेगा। रास्ते में कई जगह पुष्पांजलि कर सैनी को अंतिम विदाई दी जाएगी।
मजदूरों की आवाज थे मदन जी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनिया ने बताया कि सैनी ने 70-80 के दशक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक साधारण स्वयंसेवक और फिर भारतीय मजदूर संघ के जरिए मदन जी राजस्थान के मजदूरों की आवाज बने। अपनी दृढता के कारण उस समय की भाजपा सरकार से भी मजदूरों के हक में मांगे मनवाई। 1990 से 93 में जब भारतीय जनता पार्टी के विधायक बने तो वे क्षेत्र के लोगों की आवाज बने। भारतीय जनता पार्टी के संगठन में पार्टी के प्रदेश महामंत्री से लेकर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री तक उनका सफर निष्ठा और कर्मठता के कारण जाना जाएगा। राज्यसभा सांसद तथा प्रदेश अध्यक्ष पद का सफर उनकी वैचारिक दृढता तथा इस वय में भी संगठन कार्य में जुटे रहने का जुनून अनुकरणीय है। मेरा उनसे लगभग 3 दशक से संपर्क था और उनके जीवन से सादगी, सरलता और ईमानदारी की प्रेरणा हमेशा मिलती रहेगी। मदन जी हमेशा स्मृतियों में रहेंगे। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। 

भाजपा-कांग्रेस सभी के नेताओं ने शोक जताया
प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पक्ष एवं विपक्ष के सभी बड़े नेताओं ने शोक जताया है। मोदी ने कहा कि सैनी का निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने राजस्थान में पार्टी को मजबूत करने का काम किया। वे अपने मृदुल स्वभाव और समाज सेवा के लिए जाने जाते थे। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्ढा, गृह मंत्री अमित शाह ने भी सैनी के निधन पर शोक जताया। राज्यपाल कल्याण सिंह, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने सैनी के निधन पर शोक जताया है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, अरुण चतुर्वेदी, सांसद राज्यवर्धन सिंह, विधायक किरण माहेश्वरी, वासुदेव देवनानी, अशाेक लाहाेटी, नागाैर सांसद हनुमान बेनीवाल, पूर्व मंत्री युनूस खान, भाजपा नेता व राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य सुनील भार्गव, प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज सहित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक जताया है। वहीं कांग्रेस की तरफ से परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधानसभा के मुख्य सचेतक महेश जोशी, कांग्रेस की मीडिया चेयरपर्सन अर्चना शर्मा ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सैनी के निधन प्रदेश के लिए बड़ी हानि बताया है। 
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!