
वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है। इस बार अमेरिकी सेना ने एक ईरानी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में एक ईरानी ड्रोन को मार गिराया है। इसके बाद ईरान के विदेश मंत्री जरीफ ने दावा किया कि आज किसी ड्रोन के लापता होने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने इशारा किया कि अमेरिका ने गलती से अपने ही ड्रोन को मार गिराया होगा।
कुछ हफ्ते पहले ईरान ने अमेरिका के करीब 18 करोड़ रुपए कीमत के एक ड्रोन को मार गिराया था, जिसके बाद ट्रंप ने ईरान पर हमले का आदेश भी दे दिया था। हालांकि, आखिरी मिनटों में उन्होंने अपने फैसले को बदलकर अमेरिकी सेना की कार्रवाई को रोक दिया था।
हालांकि, हालिया घटनाक्रम में मार गिराया गया ड्रोन किसका था, इसके बारे में तो अभी तक पता नहीं चला है। मगर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कह रहे हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में प्रवेश कर रहे एक अमेरिकी युद्धपोत के लिए खतरा बने ईरानी ड्रोन को मार गिराया गया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि असॉल्ट शिप USS बॉक्सर ने ईरानी ड्रोन के खिलाफ डिफेंसिव ऐक्शन लिया क्योंकि वह शिप और उस पर मौजूद क्रू को चुनौती दे रहा था।
इस घटना के बाद पिछले कुछ हफ्तों से शांतिपूर्ण रहे खाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। हाल के समय में तेजी से बदले घटनाक्रमों के बीच ईरान के साथ अमेरिकी फौज की यह पहली सीधी मुठभेड़ है।





Be First to Comment