Press "Enter" to skip to content

जर्मनी में मुस्लिमों पर हमले की धमकी के ई-मेल भेजे गए, पुलिस ने खाली करवाई तीन मस्जिदें ! International News

जर्मनी में मुस्लिमों पर हमले की धमकी के ई-मेल भेजे गए, पुलिस ने खाली करवाई तीन मस्जिदें
बर्लिन। जर्मनी में कम से कम तीन मस्जिदों को खाली करवा लिया गया है। इलाके में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। दरअसल, गुरुवार को एक ई-मेल के जरिए मस्जिद में बम धमाके करने की धमकी दी गई थी। दक्षिणी जर्मनी के बावरिया में दो मस्जिदों के कर्मचारियों को एक दक्षिणपंथी संगठन की तरफ से ई-मेल भेजे गए थे।
अनादोलु न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इनमें मुस्लिम अनुयाइयों की हत्या करने की बात कही गई थी और साथ ही संगठन के सदस्यों को जेल से रिहा करने की मांग रखी गई थी। पुलिस ने पसिंग और फ्रीमैन में दो मस्जिदों के अंदर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन उन्हें वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

पश्चिमी जर्मनी में उत्तरी राइन-वेस्टफेलिया राज्य में इसरलोहन शहर की एक मस्जिद को भी इसी तरह का ई-मेल भेजा गया है। इसमें दावा किया गया कि पूजा स्थल के अंदर बम लगाए गए थे। हालांकि, पुलिस की जांच के बाद यह धमकी महज अफवाह साबित हुई। पुलिस ने मस्जिद को खाली कराने के बाद बम का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वाइड की मदद ली।
पुलिस ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को हटा दिया गया है और अभी भी मामले की जांच जारी है। मंगलवार को कोलोन शहर में स्थित जर्मनी की सबसे बड़ी मस्जिद को भी इसी तरह का बम मिलने की धमकी मिली थी, जो बाद में अफवाह साबित हुई।

हाल के वर्षों में जर्मनी में दक्षिण पंथी संगठनों के प्रपोगेंडा के बाद मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले हमलों की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले साल जर्मन पुलिस ने मुसलमानों के खिलाफ घृणा अपराधों के 813 मामले दर्ज किए थे। इनमें शारीरिक हमले, धमकी भरे पत्र और मौखिक हमले शामिल हैं। इस तरह के हमलों में 54 मुस्लिम घायल हुए थे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!