- राजबाड़ा पर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे थे कार्यकर्ता
- प्रदर्शन की अनुमति नहीं लेने पर पुलिस ने 12 से 14 लोगों को गिरफ्तार किया
इंदौर. मप्र सरकार के खिलाफ शनिवार को भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। राजबाड़ा पर बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर वचन पत्र की अर्थी निकालने की कोशिश की। उन्हें रोकने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के सैकड़ाें कार्यकर्ता शनिवार को भाजयुमो अध्यक्ष मनस्वी पाटीदार के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने राजबाड़ा पर एकत्रित हुए थे। युवा मोर्चा ने यहां से सरकार के वचन पत्र की अर्थी निकालने का कार्यक्रम बनाया गया था। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अर्थी निकालने की कोशिश की, वहां मौजूद पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प भी हुई, जिसके बाद एमजी रोड थाना प्रभारी राजेन्द्र चतुर्वेदी ने बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलवाया लिया अाैर एक दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया। पुलिस उच्च अधिकारियों से बात कर इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने की तैयारी में है।
एएसपी गुरुप्रसाद पराशर ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता राजबाड़ा पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे थे। ये यहां बड़ी संख्या में पहुंचे तो थे, लेकिन इनके पास प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी। इसी कारण इन्हें रोकने की कोशिश की गई थी। कार्यकर्ताओं के नहीं मामले पर 12 से 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। नेताओं के बीच झड़प भी हुई , जिसके बाद एमजी रोड थाना प्रभारी राजेन्द्र चतुर्वेदी ने बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलवाया, और भाजयुमो के सभी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गई।



