रीवा में प्रशासन की कार्रवाई, सोनोग्राफी मशीन जब्त
रीवा | पुलिस ने शुक्रवार को स्टिंग आपरेशन करते हुए एक चिकित्सक के घर दबिश देकर उन्हें भ्रूण परीक्षण करते हुए रंगेहाथों पकड़ा है। स्टिंग की कमान महिला थाना प्रभारी को सौंपी गई थी। परीक्षण के लिए पहले फोन पर बात हुई और फीस तय की गई। निर्धारित समय पर महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह पीटीएस में पदस्थ एक गर्भवती सब इंस्पेक्टर को जांच के लिए लेकर पहुंचीं।
पूरी बात एक दलाल के माध्यम से तय की गई थी। अग्रवाल नर्सिंग होम के संचालक डाॅ. अरुण अग्रवाल पर आरोप है कि वे अपने घर में सोनोग्राफी मशीन से भ्रूण परीक्षण करते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। पुलिस ने दलाल को भी पकड़ लिया है। कार्रवाई के दौरान एसडीएम विकास सिंह, डिप्टी कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, सीएमएचओ डाॅ. आरएस पांडेय, सीएसपी शिवेन्द्र सिंह बघेल भी मौजूद रहे।
आगे क्या: एसडीएम विकास सिंह ने बताया कि इस मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। टीम अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी, जिसके बाद पीसी-पीएनडीटी एक्ट के तहत कोर्ट में प्रकरण पेश किया जाएगा। इसमें 3-5 साल की सजा का प्रावधान है
हमारे खिलाफ साजिश : डाॅ. अरुण अग्रवाल ने कहा कि जो मशीन जब्त की गई वो चालू नहीं है। ये कार्रवाई एक साजिश है।





Be First to Comment