- ग्वालियर जिला प्रशासन ने 107 स्कूलों में विद्यादान योजना के तहत लागू किया उड़ान
- स्कूलों में ‘उड़ान’ अभियान के तहत कलेक्टर, प्रोफेसर और अधिकारी रुचि और विशेषज्ञता वाले विषय पढ़ाते हैं
भोपाल. यहां के जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की 5वीं कक्षा तक नींव मजबूत करते हुए कक्षा 12वीं तक आते-आते उन्हें मेडिकल, इंजीनियरिंग जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने इस नवाचार को ”उड़ान” अभियान नाम दिया है। इसे जिले के 107 स्कूलों में लागू किया गया है।
जिला प्रशासन ने ”उड़ान” अभियान को राज्य सरकार की विद्यादान योजना से जोड़कर स्कूली बच्चों को क्षमतावान बनाने का बीड़ा उठाया है। इसमें 5वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं की नींव मजबूत करना, कक्षा-6 से 9 तक के बच्चों की योग्यता और क्षमता को बढ़ाना और 10वीं से 12वीं तक के बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।
विद्यादान योजना के तहत उड़ान योजना
विद्यादान योजना में शामिल विद्यालयों में ‘उड़ान’ अभियान के तहत कलेक्टर और उनकी टीम के सभी प्रशासनिक अधिकारी अपनी रुचि और विशेषज्ञता वाले विषय पढ़ाते हैं। जिला प्रशासन की इस पहल को लोगों का समर्थन भी मिल रहा है। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, बैंक अधिकारी, लेखा एवं ऑडिट संवर्ग के अधिकारी, अभियांत्रिकी सेवा के अधिकारी, उद्योगपति एवं सफल उद्यमी, पुलिस सेवा के अधिकारी तथा कॉलेज और यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अपनी इच्छा से सहभागिता निभा रहे हैं।
ये संस्थाएं दे रही हैं सहयोग
विद्यादान योजना से रोटरी क्लब, जीवाजी क्लब, लॉयंस क्लब, भारत विकास परिषद, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, नेहरू युवा केंद्र, मुस्कान फाउंडेशन, भारतीय मेडिकल एसोसिएशन, संस्कार भारती, भारतीय डेंटल एसोसिएशन, औद्योगिक इकाइयां तथा विभिन्न व्यवसायिक संघ भी जुड़ गए हैं। सबका एक ही लक्ष्य विद्यादान के माध्यम से जिले के अधिकाधिक बच्चों को उड़ान कोचिंग के माध्यम से सफल बनाना है।





Be First to Comment