- एसपी की इजाजत लेकर डीएसपी ज्योति और राज का ट्रांसफर रुकवाने भोपाल आए हैंडलर
- एसपी से कहा- इस सीजन में रिलीव किया तो दोनों के स्वास्थ्य पर पड़ेगा असर
- भिंड। अभी तक आपने सरकारी नौकरी कर रहे लोगों के ट्रांसफर रुकवाने के मामले जरूर सुने होंगे। पर प्रदेश में स्निफर डॉग्स के ट्रांसफर होने के बाद इन्हें रुकवाने का काम भी शुरू हो गया है। भिंड पदस्थ डीएसपी रैंक की स्निफर डॉग ज्योति और राज ट्रांसफर रूकवाने के लिए भिंड से इनके हैंडलर भोपाल आए हुए हैं।
दरअसल बीते पीएचक्यू द्वारा जारी की गई स्निफर डॉग्स की तबादला सूची में भिंड के डीएसपी रैंक की स्निफर डॉग ज्योति का ट्रांसफर उमरिया और राज का ट्रांसफर नीमच किया गया है। बुधवार को दोनों को भिंड से रिलीव भी होना है। इस बीच दोनों के हैंडलर ने भिंड के एसपी रूडोल्फ अल्वारेस को दोनों स्निफर डॉग्स को नीमच और उमरिया में होने वाली परेशानियों के बारे में बताया। हैंडलर ने एसपी से कहा कि अगर राज और ज्योति को रिलीव किया जाता है तो इस मौसम में इनके स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। नई जगह में दोनों बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए इनका ट्रांसफर कैंसिल किया जाए।
हैंडलर की बात सुनने के बाद एसपी ने हैंडलर को सोमवार शाम को पुलिस मुख्यालय भोपाल रवाना कर अधिकारियों से बात कर ट्रांसफर रुकवाने की बात करने भेज दिया। आज हैंडलर भोपाल में पुलिस मुख्यालय पहुंच दोनों स्निफर डॉग्स का ट्रांसफर निरस्त करने के लिए अधिकारियों से मिल रहे हैं। अगर आज दोनों स्निफर का ट्रांसफर निरस्त नहीं होता तो बुधवार को ज्योति और राज को भिंड से रिलीव कर दिया जाएगा।
स्थानांतरण आदेश शिवराज को भेजेगी कांग्रेस: कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के प्रतिनिधि आज पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समय में हुए डॉग हैंडलर्स के स्थानांतरणों के आदेश की प्रति उन्हें भेजेंगे। मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने बताया कि कांग्रेस आज शिवराज सरकार के समय हुए डॉग हेंडलर के ट्रांसफ़र के आदेश उनके घर भेजेगी। आदेश भेजकर उन्हें याद दिला जाएगा कि उनकी सरकार में भी इस तरह के आदेश होते थे। ये एक सामान्य प्रक्रिया है।





Be First to Comment