ग्वालियर। मंदिर से दर्शन कर लौट रही बैंककर्मी की पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर बाइक सवार दो बदमाश ढाई तोला बजनी सोने की चेन लूट ले गए। वारदात गुरुवार रात को जीडीए ऑफिस के सामने हुई। बदमाश सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दिखे हैं। गोल पहाड़िया की रहने वाली उर्मिला पत्नी प्रकाश साहू अपनी दो सहेलियों के साथ गुरुवार शाम को विकास नगर स्थित सांईं बाबा मंदिर गई थीं। रात 8.30 बजे वह मंदिर से घर लौट रही थीं।
जीडीए ऑफिस के पास उन्होंने ठेले पर पानी के बताशे पिए। इसके बाद वह टेंपो पकड़ने के लिए जाने लगीं। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर सामने से दाे बदमाश आए। उन्होंने गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। इसके वह भाग गए। उर्मिला ने शोर मचाया लेकिन जब तक भीड़ इकठ्ठी हुई, बदमाश भाग चुके थे। उर्मिला ने बताया कि जिस ठेले पर वह पानी के बताशे पी रही थीं, वहां दो युवक खड़े थे। उन युवकों के चेहरे बाइक पर बैठे बदमाशों से मिलते हैं।
कानपुर के व्यापारी की कार पड़ाव आरओबी के पास मिली, परिवार गायब
ग्वालियर| कानपुर के व्यापारी की कार ग्वालियर में पड़ाव आरओबी के पास कार लावारिस हालत में खड़ी मिली, लेकिन व्यापारी और उनका पूरा परिवार लापता है। अब उप्र और ग्वालियर पुलिस व्यापारी की तलाश में चक्करघिन्नी हो गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं, जिसमें एक जगह कार निकलती दिखी है। कार के अंदर व्यापारी है या नहीं यह स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है।
कानपुर के सीसामऊ के रहने वाले अजीत केसरवानी कपड़ा कारोबारी हैं। वह 12 जुलाई को पत्नी लक्ष्मी दो बेटे आदि, यश और बेटी माही के साथ कार यूपी78 एफजे 0004 से इलाहबाद जाने के लिए निकले थे। इसके बाद वह लापता हो गए। उनकी लास्ट लोकेशन मंगलवार को ग्वालियर में मिली।
मंगलवार को उनकी कार रेलवे स्टेशन के पास भी देखी गई। लेकिन इसके बाद वह नजर नहीं आए। बुधवार देर रात उनकी कार पड़ाव आरओबी के पास लावारिस हालत में खड़ी मिल गई। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर पड़ाव थाने में रखवाया। गुरुवार को दिनभर ग्वालियर और कानपुर पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते रहे। लेकिन इनका पता नहीं लगा है। पुलिस रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी।





Be First to Comment