ग्वालियर| शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में फार्मासिस्ट के पदों पर हुई भर्ती विवादों में घिरती दिख रही है। संजीव आनंद ने भर्ती को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई करते हुए जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, कमिश्नर, ग्वालियर संभाग के कमिश्नर और शिवपुरी मेडिकल कॉलेज की डीन को नोटिस जारी करते हुए दो सप्ताह में जवाब पेश करने का निर्देश दिया है।
वकील महेश गोयल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज ने फॉर्मासिस्ट ग्रेड- एक व दो की भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला था। पूर्व में ये शर्त नहीं रखी गई कि जिन आवेदकों ने शासकीय कॉलेज से एम.फार्मा किया है, केवल वे ही आवेदन कर सकेंगे। फॉर्म जमा करने के बाद आवेदकों को इसकी जानकारी दी गई। इस कारण कई आवेदक अपात्र हो गए। याचिकाकर्ता ने अनुभव प्रमाण पत्र भी जमा किया लेकिन कॉलेज ने जब अंतरिम प्रावीण्य सूची जारी की तो याचिकाकर्ता को प्रमाण पत्र का लाभ नहीं देते हुए कम अंक दिए। इस कारण उसका चयन नहीं हो सका।





Be First to Comment