Press "Enter" to skip to content

पूर्व सांसद शंकर पन्नू बोले- फ़ौजमार कप्तान गहलोत: धृतराष्ट्र बन गए है पुत्र मोह में; 113 नेताओं ने बीजेपी जॉइन की कांग्रेस के दिग्गजों समेत /राजस्थान

जयपुर

राजस्थान कांग्रेस के कई दिग्गजों समेत कुल 113 नेताओं ने आज भाजपा जॉइन कर ली। इनमें पूर्व सांसद, विधायक और भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ने वाले नेता भी शामिल हैं। प्रदेश बीजेपी मुख्यालय में राजस्थान की सह-प्रभारी विजया रहाटकर की मौजूदगी में हनुमानगढ़ से कांग्रेस के पूर्व सांसद शंकर पन्नू, पिलानी से पूर्व विधायक जेपी चंदेलिया, जेजेपी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व एमएलए नंदकिशोर महरिया ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए शंकर पन्नू ने मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- जिंदगी भर कांग्रेस का निष्ठावान कार्यकर्ता रहा। कांग्रेस ने निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर मारा है। कांग्रेस में चाटुकार, बेईमान और बदमाश प्रवृत्ति के लोग आ गए हैं। कांग्रेस अब पार्टी नहीं, गिरोह बन गया। 1977 में जब गहलोत हारे, तब भी मैं उनके साथ था। गहलोत पुत्र मोह में धृतराष्ट्र बन गए हैं। गहलोत फौजमार कप्तान हैं। उनमें कोई ईमानदारी नहीं बची है।

कांग्रेस में ‘समेट लो, खुरच लो, खा लो’ की परंपरा चल पड़ी है। कुलदीप इंदौरा के परिवार का पार्टी के सारे पदों पर कब्जा हो गया। मेरी जॉइनिंग से बीजेपी मजबूत हुई है। मैं बीजेपी में आने के बाद आजाद महसूस कर रहा हूं। ऐरे-गैरे, नत्थू-खैरे कांग्रेस राज में रेवड़ियां खा रहे थे। 55 साल कांग्रेस में रहा। बहुत दुखी था। अब खुश हूं।

भाजपा में शामिल होने के बाद शंकर पन्नू ने अशोक गहलोत पर निशाना साधा और उनको फौजमार कप्तान बताया।

भाजपा में शामिल होने के बाद शंकर पन्नू ने अशोक गहलोत पर निशाना साधा और उनको फौजमार कप्तान बताया।

पन्नू बोले- कांग्रेस को कार्यकर्ताओं की जरूरत नहीं
शंकर पन्नू ने कहा- कांग्रेस में पार्टी नाम की कोई चीज नहीं है। वहां एक गिरोह है, जो अपने हिसाब से काम करता है। उनको कार्यकर्ताओं की कोई जरूरत नहीं है। दिल्ली पूरे तरीके से बेकार हो चुकी है, बर्बाद हो चुकी है। आने वाला समय ऐसा होगा कि हम पूछेंगे कोई कांग्रेसी है क्या?

पूर्व विधायक जेपी चंदेलिया ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को अपमानित किया जा रहा था। आने वाले दिनों में बड़ी तादाद में पिलानी में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

कई नेताओं की भाजपा में घर वापसी
शेखावाटी के कई नेताओं की भी घर वापसी हुई। इनमें भाजपा से बागी होकर झुंझुनूं विधानसभा सीट से चुनाव लड़े राजेंद्र भांभू, पिलानी से निर्दलीय प्रत्याशी रहे कैलाश मेघवाल और मधुसूदन भिंडा शामिल हैं। पूर्व विधायक शिमला बावरी ने भी आज घर वापसी की।

राजस्थान भाजपा की सह-प्रभारी विजया रहाटकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है। पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। यही कारण है कि आज कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दल के नेता भाजपा में आने को बेताब हैं। ये सब लोग किसी पार्टी के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र के लिए काम करना चाहते हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार देश का सर्वांगीण विकास कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!