
शिवपुरी। जिला अस्पताल डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा है इसी के चलते शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों सहित प्रोफेसर की तैनाती की गई है। उन्हें ओपीडी सहित आपातकालीन सेवा व वार्ड में भर्ती मरीजों को भी देखना है, लेकिन यह डॉक्टर यहां आकर अपनी सेवाएं नहीं दे रहे हैं, जिससे हालात और बेकार होते जा रहे हैं। यह डॉक्टर हर माह पगार तो ले रहे हैं, लेकिन अपने पदस्थापना स्थल पर ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने शुक्रवार को कलेक्टर शिल्पा गुप्ता से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा और बताया कि मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टरों की ड्यूटी अस्पताल में सुनिश्चत की जाएं, जिससे यहां मरीजों को बेहतर उपचार दिया जा सके। इसकी शिकायत पहले भी दौरे पर आए कमिश्नर से की गई थी, लेकिन तब से लेकर अब तक हालात नहीं सुधरे। डॉक्टरों का कहना है कि मेडिकल कालेज में तैनात डॉक्टर व अन्य स्टाफ को अस्पताल में अपनी सेवाएं देने के लिए निर्देशित करें। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. सुनील तोमर, पंकज गुप्ता, मोना गुप्ता, नीरजा शर्मा, सुनील कुमार,अमरसिंह, सुरेश पिप्पल, राघवेन्द्र रावत, सुनील खंडोलिया, नरेन्द्र मांझी, व्हीसी गोयल सहित अन्य डॉक्टर मौजूद थे।






Be First to Comment