भोपाल

कांग्रेस के पूर्व विधायक शिवदयाल बागरी और अरुणोदय चौबे ने भाजपा जॉइन कर ली।
पन्ना के गुनौर से कांग्रेस विधायक रहे शिवदयाल बागरी और सागर जिले की खुरई सीट से विधायक रहे अरुणोदय चौबे ने सोमवार को भाजपा जॉइन कर ली। पूर्व सीएम कैलाश जोशी के बेटे और भाजपा से तीन बार विधायक रहे दीपक जोशी की घर वापसी आखिरी समय में टल गई।
सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेताओं में दीपक की भाजपा में वापसी को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इस वजह से दीपक की घर वापसी को होल्ड किया गया है।
इसके बाद अचानक घटनाक्रम बदला और जोशी पार्टी कार्यालय नहीं पहुंचे। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस सवाल पर कहा- भाजपा में तो ये यात्रा है, अभियान चलता जा रहा है। लोग आते जाएंगे और कारवां बढ़ता जाएगा। पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि कुछ दिनों पर जोशी की वापसी जाएगी।
शिवराज सरकार में मंत्री रहे दीपक विधानसभा चुनाव से पहले 6 मई 2023 को कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वे अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की तस्वीर लेकर कांग्रेस में शामिल होने पहुंचे थे।
बागरी, चौबे के साथ आदिवासी नेता भी भाजपा में शामिल
सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिवदयाल बागरी और अरुणोदय चौबे के साथ अलीराजपुर जिले में 6 बार सरपंच और 3 बार जनपद सदस्य रहे भील नेता कमरू भाई ने भाजपा जॉइन कर ली। उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, न्यू जॉइनिंग टोली के संयोजक नरोत्तम मिश्रा, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, नागर सिंह चौहान, सागर की लोकसभा प्रत्याशी लता वानखेड़े मौजूद के सामने सदस्यता ली।
बता दें, शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व सांसद गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी, इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अर्जुन पलिया और सतपाल पलिया ने भाजपा जॉइन कर ली थी।

दीपक जोशी ने विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जॉइन कर ली थी। वे अपने साथ पूर्व सीएम कैलाश जोशी का फोटो लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय गए थे।
कमलनाथ बोले- दीपक जोशी तो भाजपा के ही थे
कांग्रेस नेताओं के पार्टी छोड़ने के सवाल पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में कहा- दीपक पहले से भाजपा के हैं। अरुणोदय पहले ही कांग्रेस छोड़ चुके हैं। वहीं, खुद के जबलपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर कमलनाथ बोले- मैं छिंदवाड़ा किसी हाल में छोड़ने वाला नहीं हूं।
सत्ता के भूखे लोग छोड़ रहे पार्टी: दिग्विजय सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- जो लोग पार्टी को छोड़ रहे हैं, उनका विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं है। सत्ता और कुर्सी के भूखे लोग पार्टी छोड़ रहे हैं।










Be First to Comment