Press "Enter" to skip to content

कोरोना रिटर्न : दो दिन में मिले तीन संक्रमित, दो कर्नाटक से आए तो एक गांव में ही हुआ संक्रमित / Shivpuri News

शिवपुरी। कई दिनों से कोरोना के मामले में चल रही राहत के बाद अब एक बार फिर कोरोना के नए मरीज मिलने लगे हैं। सोमवार को अमोला में एक संक्रमित मिलने के बाद मंगलवार को मोहनी सागर में दो और कोरोना संक्रमित मिले हैं। मंगलवार को जो दो कोरोना के नए मामले मिले हैं उन दोनों की ट्रेवल हिस्ट्री है। दोनों पति-पत्नी पिछले छह महीने से कर्नाटक में अपने छोटे बेटे के पास थे। 16 जुलाई को यह लोग वापस अपने दूसरे बेटे के घर लौटे जो मोहिनी सागर में एफ टाइप में रहते हैं। वह जनपद पंचायत में एपीओ हैं। लौटने के बाद दोनों को खांसी और बुखार की शिकायत हुई और कोरोना जैसे लक्षण लगे। इसके बाद इन्होंने अपना कोविड टेस्ट कराया जिसमें यह संक्रमित निकले। संक्रमित निकलने की जानकारी लगते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहनी सागर पहुंची और करीब 30 और लोगों के भी सैंपल लिए। कोरोना प्रभारी डॉ. लालजू शाक्य ने बताया कि आसपास के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। साथ ही बुधवार को और लोगों की भी सैंपलिंग करेंगे। दो दिन में तीन संक्रमित मिलने से एक बार फिर कोरोना दबे पांव शहर में घुसने लगा है। वहीं दूसरी ओर बाजार से लेकर हर जगह तक लापरवाही ही नजर आ रही है। न तो लोग मास्क लगा रहे हैं और न ही दो गज की दूरी का पालन कर रहे हैं।

अमोला में संक्रमित निकले युवक की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं

अमोला के वार्ड क्रमांक चार में कोरोना का मरीज मिला है। इसमें चिंता की बात यह है कि उसकी कोई ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता है कि वह किसी दूसरी जगह से संक्रमित होकर आया हो। मरीज के स्वजनों का कहना है कि वह गांव से बाहर कहीं जाता ही नहीं है। पिछले कई दिनों से बाहर नहीं गया है। सिर्फ खेत पर जाता है जहां पर भी वह अमूमन अकेला ही रहता है। तबीयत खराब होने पर करैरा में दिखाने के लिए गया था जहां पर चिकित्सकों ने उसकी जांच कराई और वह संक्रमित निकला।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!