जयपुर

राजीव गांधी युवा मित्रों को फिर से रोजगार देने और किसान सम्मान की मांगों को लेकर आज यूथ कांग्रेस ने जयपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ी तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी शामिल हुए।
दरअसल, कार्यकर्ता शहीद स्मारक से मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प हो गई। पुलिस ने वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। इससे पहले सुबह यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले शहीद स्मारक पर एकत्रित हुए। यहां पर सभा का आयोजन किया गया।

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से झड़प होने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और पानी की बौछारें भी की।
इसमें यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते कहा कि इन लोगों ने झूठे वादे कर सरकार बनाई। सरकार बनने के बाद एक भी वादा पूरा नहीं किया। इन्होंने 2014 में कहा कि सबके खाते में 15-15 लाख रुपए आ जाएंगे, लेकिन नहीं आए।
यूथ कांग्रेस की ये मांगें
- 5 हजार राजीव गांधी युवा मित्रों को फिर से रोजगार दिया जाए।
- किसानों से सरकार बात करे और उनकी सभी बातें मानी जाएं।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि राज्य सरकार ढाई महीने में ही अपना विश्वास खो चुकी है। जो वायदे सरकार ने युवाओं और किसानों से किए थे, उस पर वो खरा नहीं उतर रही है। प्रदेश में बेरोजगार युवाओं के लिए किसी तरह की नौकरी की व्यवस्था नहीं की गई है।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता शहीद स्मारक पर सभा के बाद सीएम आवास का घेराव करने के लिए निकले थे। यहां पर पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग कर रखी थी, जिसको तोड़ते हुए प्रदर्शनकारी आगे बढ़े। कमिश्नरेट के आगे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को फिर रोका, जहां उनकी पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया, हालांकि कुछ देर बाद उनको छोड़ दिया।

पुलिस के लाठीचार्ज में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव जयदत्त जांगिड़ समेत कई लोगों के चोटें आई हैं।
सरकार चाहती है नौजवान सड़क पर संघर्ष नहीं करें
यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव जयदत्त जांगिड़ ने बताया कि युवाओं की मांग के लिए, किसानों की मांग के लिए और माता-बहनों की मांग के लिए संघर्ष कर रहे थे। शांतिपूर्ण तरीके से हो रहे संघर्ष में पुलिस ने जानबूझकर लाठीचार्ज किया और पानी की बौछारें बरसाई। और पुलिस किसी तरीके से भी नकार नहीं सकती कि उन्होंने लाठीचार्ज नहीं किया। मैं इसका प्रत्यक्षदर्शी हूं। पुलिस के लाठीचार्ज में मेरी पीठ पर चोट आई। इसके अलावा भी चोटें आई है, जो मैं आपको सार्वजनिक रूप से नहीं दिखा सकता।
ये सरकार चाहती है कि किसी भी तरीके से किसान और बेरोजगार नौजवान सड़क पर नहीं आए और संघर्ष ना करें। ये लोग चाहते हैं कि पुराने जमाने में जैसे सरकारें चलती थी अंग्रेजों के जमाने में, ये लोग वही करने का प्रयास कर रहे हैं। ये गुस्सा और आक्रोश लोकसभा चुनाव में भी दिखेगा, हमारी माता-बहनों की लाज बचाने में भी दिखेगा। बेरोजगार साथियों के संघर्ष के लिए भी दिखेगा।
युवाओं की आवाज दबाना चाहती है सरकार
यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास ने कहा कि ये सरकार युवाओं की आबाज दबाना चाहती है। ये युवा विरोधी सरकार है। ये सरकार पुलिस और पानी से युवाओं की आवाज दबाना चाहती है। इस सरकार ने मोदी गारंटी, अच्छे दिन, 15 लाख का वादा किया था, लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। हम न्याय मांगने आए थे, लेकिन लाठीचार्ज कर दिया।
देखिए प्रदर्शन से जुड़े फोटो-:

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में सरकार युवाओं के लिए कुछ नहीं कर रही है।

पुलिस के रोकने पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे निकल गए।

आज के प्रदर्शन में प्रदेश के कई जिलों से कार्यकर्ता पहुंचे थे। उनका कहना है कि सरकार को उनकी बात सुननी पड़ेगी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

पानी की बौछारों से भी प्रदर्शनकारी नहीं रुके तो पुलिसकर्मियों ने उनको बलपूर्वक पीछे धकेला।

प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।

पानी की बौछारों और लाठीचार्ज से घायल एक कार्यकर्ता जमीन पर बैठ गया, जिसे साथियों ने संभाला।

पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।





Be First to Comment